आंगनबाड़ी केंद्र में अव्यवस्था देख भड़के जिला कलेक्टर

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-मुख्य मार्ग की गंदगी पर जताई नाराजगी
अनोखा तीर, हरदा/सोडलपुर। ग्राम में बुधवार को जिला कलेक्टर सिद्धार्थ जैन आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 3 एवं शासकीय टोडरमल पटेल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के निरीक्षण पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र 3 पर पहुंचते ही गांव के मुख्य मार्ग पर फैली गंदगी को देखकर जिला कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने जनपद पंचायत सीईओ चेतना पाटील को मार्ग पर हो रही गंदगी की ओर ध्यान दिलाते हुए ग्राम पंचायत के कर्मचारियों की संख्या बढ़ाकर व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए। इसके बाद जिला कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र 3 के अंदर जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से बच्चों की जानकारी ली। साथ ही महिला एवं बाल विकास अधिकारी को आंगनबाड़ी केंद्र 1 और 2 का भी निरीक्षण करने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 1 में अव्यवस्था देखकर जिला कलेक्टर भड़क गए। यह केंद्र आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के मकान में संचालित पाया गया, जहां लाइट की कोई व्यवस्था नहीं थी। अंधेरा होने पर जिला कलेक्टर ने तत्काल प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान 20 बच्चों में से केवल तीन बच्चे ही मौके पर मौजूद मिले। इस पर उन्होंने सहायिका से बच्चों की अनुपस्थिति का कारण पूछा। सहायिका ने बताया कि कार्यकर्ता के छुट्टी पर होने के कारण बच्चों को लाने-ले जाने में परेशानी होती है तथा भोजन लाने के दौरान बच्चे अकेले रह जाते हैं। अन्य व्यवस्थाएं भी संतोषजनक नहीं मिलने पर जिला कलेक्टर ने विकासखंड महिला एवं बाल विकास अधिकारी को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इसके पश्चात जिला कलेक्टर शासकीय टोडरमल पटेल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कक्षा दसवीं एवं बारहवीं के पिछले वर्ष के परीक्षा परिणाम की जानकारी प्राचार्य वाय के दुबे से ली। इसके बाद उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से पढ़ाई एवं बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को लेकर चर्चा की। निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार रश्मि धुर्वे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी शशांक पालीवाल, जनपद पंचायत सीईओ चेतना पाटील, प्रभारी सचिव योगेंद्र सिंह राजपूत, सहायक सचिव सुमित चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Views Today: 2

Total Views: 40

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!