Skip to content
Saturday, 31 October 2026
देवास

बिना नोटिस तोड़ा मकान, बड़े भाई ने खाया जहर

2 min read
Text Size:

-परिजन बोले – ब्याज पर कर्ज लेकर बनाया था घर
अनोखा तीर, देवास। जिले के बीएनपी थाना क्षेत्र के ग्राम अजीजखेड़ी में प्रशासनिक कार्रवाई में मकान क्षतिग्रस्त होने से आहत एक व्यक्ति ने रविवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां से इंदौर रेफर कर दिया गया है। परिजनों ने गांव के सरपंच और प्रशासनिक कार्रवाई को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों के मुताबिक, मांगीलाल 55 वर्ष के छोटे भाई गोपालसिंह ने कुछ समय पहले पट्टे की जमीन पर पक्का मकान बनाया था, जिसे सरपंच की शिकायत पर प्रशासन ने अतिक्रमण बताकर शनिवार को तोड़ दिया। कार्रवाई के दौरान समीप में स्थित भाई मांगीलाल का मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे आहत होकर उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया। मांगीलाल के परिवारजनों ने बताया कि उन्होंने ब्याज पर पैसा लेकर मकान का बनाया था। उनका कहना है कि मकान टूटने के बाद उन्होंने पहले बीएनपी थाने में शिकायत की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। शनिवार को जब जेसीबी कार्रवाई हुई, तो तहसीलदार, पटवारी और पुलिस बल भी मौके पर मौजूद था। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना नोटिस के मकान को तोड़ दिया गया।
परिजनों ने सरपंच पर लगाए आरोप
परिजनों ने ग्राम सरपंच पर मिलीभगत के आरोप लगाए हैं और कहा कि कार्रवाई पूर्व नियोजित थी। वहीं मामले में तहसीलदार रवि शर्मा ने कहा कि संबंधित मकान अवैध रूप से निर्मित था। समझाइश के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा, इसलिए नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। परिजन इस बात से आहत हैं कि जहां एक ओर केंद्र सरकार पीएम आवास योजना जैसी योजनाओं के तहत गरीबों को घर देने का दावा कर रही है। वहीं दूसरी ओर सालों से पट्टे पर रह रहे परिवार का पक्का मकान तोड़ दिया गया।

470 Views
What do you think?

Leave a Reply