अनोखा तीर, हरदा। आपदा प्रबन्धन प्रशिक्षण, मॉकड्रिल एवं जागरूकता अभियान के तहत अग्नि एवं विस्फोट दुर्घटनाओं से बचाव तकनीक विषय पर शुक्रवार को एक दिवसीय कार्यशाला स्थानीय होटल में आयोजित की गई। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर सतीश राय ने संबोधित करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा एवं मानव निर्मित आपदा कभी भी पूर्व सूचना देकर नहीं आती है बल्कि अचानक ही आती है। अत: इससे बचाव के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। उन्होने कहा कि सभी विभागों के अधिकारियों को प्राकृतिक आपदा की स्थिति से निपटने के लिए आज का प्रशिक्षण बहुत उपयोगी सिद्ध होगा। कार्यशाला में होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेन्ट मयंक जैन ने अग्नि एवं दुर्घटनाओं के समय राहत बचाव कार्य प्रबंधन विषय पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होने पेट्रोल टैंकर, फिल्म थिएटर, घरेलू गैस सिलेंडर से होने वाली घटनाओं को रोकने के प्रयासों की जानकारी दी। कार्यक्रम में डॉ. नवीन जैन ने दुर्घटना में आहत लोगों को प्रथमोउचार के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में जिले के पुलिस, राजस्व, नगर पालिका, विद्युत, खाद्य, जन अभियान परिषद के अधिकारी कर्मचारी व फायरमैन सम्मिलित हुए। प्रशिक्षण में एसडीईआरएफ टीम ने आग बुझाने व फायर एस्टींग्यूसर के प्रयोग का डेमोंस्ट्रेशन किया। एसडीआरएफ टीम द्वारा प्रशिक्षण में अग्निशमन का मॉक ड्रिल कर अधिकारियों, कर्मचारियों को भी अभ्यास करवाया गया। नगरपालिका के फायर ऑफिसर शिवम चौरसिया ने रुरल फायर से निपटने की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में संयुक्त कलेक्टर सतीश राय द्वारा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
‘अग्नि एवं विस्फोट दुर्घटनाओं से बचाव’ विषय पर हुई कार्यशाला

322 Views




