Skip to content
Friday, 6 November 2026
हरदा

अंतरराष्ट्रीय बधिरजन सप्ताह अंतर्गत आमजन को जागरूक करने निकाली रैली

2 min read
Text Size:


अनोखा तीर, हरदा।
शक्रवार को जिला मुख्यालय पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारियों और नर्सिंग विद्यार्थियों ने श्रवण से जुड़ी समस्याओं के प्रति आमजन को जागरूक करने रैली निकाली। रैली को मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एचपी सिंह और सिविल सर्जन डॉ मनीष शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली जिला अस्पताल से प्रारंभ होकर डीईआईसी भवन में जाकर समाप्त हुई। जहां नर्सिंग छात्र-छात्राओं को अभियान संबंधी जानकारी प्रदान की गई। सभी ने शपथ लेकर अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय बधिरजन सप्ताह 23 से 29 सितंबर तक मनाया जा रहा है। इस दौरान अलग-अलग जागरूकता और स्वास्थ्य परीक्षण गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. सिंह ने कहा कि बाल्यकाल में श्रवण संबंधी जांच करवाना चाहिए, अगर शिशु आवाज देने, शोर होने पर प्रतिक्रिया नही देता है तो उसे तत्काल श्रवण चिकित्सक को दिखाना चाहिए। जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र में जांच करवाना चाहिए। ऐसे बच्चों का राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत नि:शुल्क उपचार करवाया जाता है। सिविल सर्जन डॉ मनीष शर्मा ने इयर फोन से होने वाले नुकसान के बारे में बताया और युवाओं को इससे बचने की सलाह दी। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश सतीजा ने बताया कि सप्ताह के दौरान जिला अस्पताल में आने वाले बधिरता रोग से पीड़ित मरीजों को विशेष स्वास्थ्य लाभ दिया जा रहा है। नाक, कान, गला विशेषज्ञ डॉ. सतीजा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बधिरजन सप्ताह का उद्देश्य बधिर लोगों के सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में जागरूकता और उनके अधिकारों को पहचानना, सांकेतिक भाषा के महत्व को बताना और सामान्य लोगों में श्रवण नुकसान का पता लगाकर उपचार प्रदान कराना है। रैली में नर्सिंग कॉलेज के नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने पोस्टर के माध्यम से आमजन को श्रवण सुरक्षा की जानकारी दी। इस दौरान समाजसेवी सुरिंदर कौर, सामाजिक न्याय विभाग के कमलेश सिंह, डॉ. मृत्युंजय गेहलोद, डॉ. मोनू चौरे, मीडिया अधिकारी आई तिग्गा, मैटर्न एलिन पीटर, डीईआईएम आशीष साकल्ले, ऑडियोलॉजिस्ट प्रेम जाट, नीरज मालवीय, संतोष कोगे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

278 Views
What do you think?

Leave a Reply