Skip to content
Sunday, 11 October 2026
सीहोर

बुदनी के किसान करेंगे उप चुनाव का बहिष्कार, निकलेंगी मशाल रैली

3 min read
Text Size:

मांगे पूरी नहीं होती हैं तो घेरेंगे भोपाल

भैरूंदा। अपनी मांगे मनवाने को लेकर किसान अब किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। प्रतिदिन गांव-गांव में बैठक आयोजित कर किसान रणनीति तैयार कर रहे हैं। सरकार तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश में लगे हुए हैं। इसके बाद भी यदि सरकार कोई निर्णय नहीं लेती हैं तो किसानों के द्वारा अपने परिवार सहित बुदनी में होने वाले उप चुनाव का बहिष्कार किये जाने का निर्णय लिया गया हैं। प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के तहत किसान आगामी 30 सिंतबर को भैरूंदा में एक विशाल मशाल रैली निकालेंगे। इसके बाद किसानों की सहमति पर भोपाल भी घेरा जाएगा। शुक्रवार को किसान संघ के पदाधिकारियों की एक बैठक मंडी के कृषक विश्राम गृह में आयोजित की गई। जिसमें चार दर्जन से भी अधिक किसान मौजूद थे। किसान स्वराज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गजेन्द्र जाट ने बताया कि पिछले 23 सिंतबर को भैरूंदा नगर में क्षेत्र के किसानों के द्वारा ऐतिहासिक ट्रैक्टर रैली निकालकर यह जता दिया है कि अब किसान किसी की सुनने वाला नहीं है। उसे अपनी उपज के पूरे दाम चाहिए। सोयाबीन, मक्का, धान व गेहूं किसानों के बताएं गए दामों के अनुसार यदि नहीं खरीदी जाती हैं तो फिर किसानों के द्वारा क्रमबृद्ध आंदोलन किया जाएगा। किसानों का यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक कि सोई हुई सरकार जाग नहीं जाती। 

बुदनी उप चुनाव का किया जाएगा बहिष्कार

शुक्रवार को आयोजित हुई किसानों की बैठक में सरकार के साथ चुनाव आयोग की नींद भी उड़ सकती है। किसान पदाधिकारियों ने बुदनी विधानसभा में होने वाले उप चुनाव का बहिष्कार किये जाने का निर्णय लिया है। ऐसी स्थिति में दोनों राजनैतिक दलों के अलावा चुनाव आयोग को भी इस मामले में मंथन करना होगा। आगामी नवंबर माह में बुदनी विधानसभा में उप चुनाव होना प्रस्तावित हैं। इसके लिए चुनाव आयोग के द्वारा तैयारियां भी शुरु कर दी गई है। संभवत: अक्टूबर माह के प्रथम सप्ताह में चुनाव की तारीख घोषित हो सकती है। 

कृषि मंडी से शहीद स्मारक तक निकाली जाएगी मशाल रैली

किसान स्वराज संगठन के बैनर तले आगामी 30 सिंतबर को बड़ी संख्या में किसान कृषि उपज मंडी प्रांगण में एकत्रित होंगे। जहां से हाथों में मशाल लिये किसानों की रैली कृषि मंडी से होती हुई नगर के दुर्गा मंदिर चौक स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचेगी। जहां किसान अपनी उपज के दामों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करेंगे। यदि इसके बाद भी सरकार उनकी नहीं सुनती हैं तो राजधानी को घेरा जाएगा। 

समिति किसानों को जबरदस्ती डीएपी के साथ दे रही नैनों यूरिया

किसान स्वराज संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष भगवान सिंह यदुवंशी ने शुक्रवार को एक ज्ञापन एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी को सौंपा। जिसमें उन्होंने बताया कि आगामी रबी सीजन के लिए क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में डीएपी की व्यवस्था की जाए। सेवा सहकारी समितियों द्वारा किसानों को जबरदस्ती डीएपी के साथ नैनो यूरिया दिया जा रहा हैं। किसानों द्वारा मना करने पर उनके साथ जबरदस्ती की जा रही है। किसान संघ इसका विरोध करता हैं। उन्होंने मांग की हैं कि किसानों को उनकी आवश्यकतानुसार सोसायटियों के माध्यम से डीएपी प्रदान किया जाये।

323 Views
What do you think?

गजेन्द्र (सोनू) खंडेलवाल

All posts by गजेन्द्र (सोनू) खंडेलवाल (34)

Leave a Reply