इंदौर

मार्च में ही 40 डिग्री पर पहुंचा पारा, अगले 100 दिन आग उगलेगा आसमान, तपेगी धरती

: 44 डिग्री के आसपास रह सकता है प्रदेश के कई जिलों में पारा। मई-जून की गर्मी को लेकर मौसम विभाग ने किया आगाह।

अनोखा तीर इंदौर:-अप्रैल आने को है और मई-जून अभी दूर है लेकिन मार्च माह में ही आसमान आग उगलने लगा है। प्रदेश के कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है तो कुछ जिलों में इसके करीब ही है। भीषण गर्मी से लोग परेशान होने लगे हैं। उनकी चिंता अगले 100 दिन को लेकर ज्यादा है, क्योंकि मार्च माह की तपन यह अहसास करा रही है कि अप्रैल, मई और जून में तापमान ऊंची छलांग लगाएगा। मौसम विभाग भी अनुमान जता रहा है कि प्रदेश के कई जिलों में पारा 42-44 डिग्री सेल्सियस या उसके ऊपर भी जा सकता है।

इंदौर में पारा 39 डिग्री पर पहुंचा :
गुरुवार दोपहर में चिलचिलाती धूप ने इंदौरवासियों को सताया, वहीं शाम चार बजे बाद छाए बादलों से थोड़ी राहत मिली। लगातार दूसरे दिन सीजन में पारा सर्वोच्च स्तर पर रहा। दिन का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था। न्यूनतम सामान्य से तीन डिग्री अधिक 22.2 डिग्री दर्ज किया गया। शुक्रवार को बादल छाएंगे और दिन में पारा 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।
दिन के तापमान में ऐसे हुई बढ़ोतरी :
सुबह 11.30 36.4 डिग्री
दोपहर 2.30 38.6 डिग्री
शाम 5.30 37.4 डिग्री
भोपाल : राजधानी भोपाल में मार्च माह में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच जा रहा है। गुरुवार को यह 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
ग्वालियर : ग्वालियर में इस साल मार्च का आखिरी सप्ताह पिछले कुछ सालों की तरह फिर गर्म है। मार्च माह का अभी तक का सबसे गर्म दिन 31 मार्च 2022 को था, जब तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस तक गया था। गत वर्ष 2023 के मार्च माह में अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस ही दर्ज हुआ था।
जबलपुर : गुरुवार सीजन के सबसे गर्म दिन के रूप में दर्ज किया गया। दिन का पारा सामान्य से चार डिग्री बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सात वर्ष पूर्व 31 मार्च 2017 को दिन का अधिकतम तापमान 41 .2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था।
झाबुआ में अधिकतम तापमान 41 डिसे
जिले में इन दिनों अधिकतम 41 डिग्री सेल्सियस तो रात का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में और अधिक गर्मी बढ़ने की संभावना है। पिछले पांच वर्षों में मार्च के अंतिम दिनों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही बना हुआ था।
खरगोन में पांच साल का रिकार्ड टूटा :
जिले में तापमान ने मार्च माह में पांच साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। तापमान 27 मार्च को 39.2 और 28 मार्च को 38.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पांच साल पहले 19 मार्च 2019 को अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, आगामी अप्रैल व मई में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button
error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker