Skip to content
Friday, 30 October 2026
उज्जैन

ऑनलाइन टास्क का झांसा देकर दंपती से दस लाख रुपये की ठगी

4 min read
Text Size:

अनोखा तीर उज्जैन:-ऑनलाइन ठगी के शिकार कई लोग हो रहे हैं। इधर अब इंटरनेट मीडिया टेलीग्राम व वाॅट्सऐप को शातिर ठगों ने अपना नया हथियार बनाया है। नागझिरी थाना क्षेत्र में रहने वाले दंपती को ऑनलाइन टास्क का झांसा देकर 10.21 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। दंपती ने अपनी बचत के रुपये ठगों द्वारा दिए गए बैंक खातों में जमा कर दिए। मामले में नागझिरी पुलिस को शिकायत की गई है।

पुलिस ने बताया कि साईधाम काॅलोनी निवासी राहुल सोनी ने शिकायत की थी कि 23 मार्च को उसकी पत्नी सारिका के मोबाइल पर एक मैसेज आया था। इसमें मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन रुपये कमाने की बात लिखी थी।

सोनी व उसकी पत्नी ने यूट्यूब पर वीडियो लाइक किए थे। इससे उन्हें तीन बार 150 रुपये मिले थे। इसके बाद मोबाइल पर मैसेज आया कि दोनों ने पहला टास्क पूरा कर लिया है। वह अगले टास्क प्रो मोड में शामिल हो गए हैं। इसमें दोनों को टेलीग्राम पर लिंक भेजी गई थी। इस पर क्लिक कर सब्सक्राइब करने व आनलाइन टास्क पूरे करने को कहा गया था।

इसके बाद सोनी का क्रेडिट स्कोर बढ़ा हुआ बताकर उससे लगातार रुपये जमा करवाए गए। सोनी ने ठगों द्वारा दिए गए बैंक खातों में धीरे-धीरे 10.21 लाख रुपये जमा कर दिए थे। उन्हें बताया कि कमीशन सहित रुपये वापस दिए जाएंगे। मगर उसके पहले फिर से रुपये की मांग की गई थी। इस पर दंपती को शक हुआ। मामले में नागझिरी पुलिस व राज्य सायबर सेल को शिकायत की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

साफ्टवेयर इंजीनियर से भी हो चुकी 53 लाख की ठगी

बता दें कि सितंबर 2023 में खाराकुआं थाना क्षेत्र निवासी साफ्टवेयर इंजीनियर से भी 53 लाख रुपये की ठगी हुई थी। युवक के पास 7 अगस्त 2023 को मोबाइल पर एक मैसेज आया था। इसमें ऑनलाइन काम करके रुपये कमाने की बात लिखी हुई थी। इस पर मैसेज करने पर युवक को एक टेलीग्राम लिंक भेजी गई थी। जिस पर क्लिक कर सब्सक्राइब करने पर उसे 160 रुपये मिले थे।

इसके बाद कुछ और लिंक भेजकर ऑनलाइन टास्क पूरे करने पर पांच हजार रुपये देने व बैंक अकाउंट डिटेल देने को कहा गया था। इसके बाद युवक का क्रेडिट स्कोर बढ़ा हुआ बताकर उससे लगातार रुपये जमा करवाए गए। युवक ने ठगों द्वारा दिए गए बैंक खातों में धीरे-धीरे 53 लाख रुपये जमा कर दिए थे। उसे बताया कि कमीशन सहित उसे 67 लाख रुपये वापस दिए जाएंगे। इसके बाद युवक ने पुलिस को शिकायत की थी।

सायबर सेल की एडवाइजरी जारी

राज्य सायबर सेल ने कहा है कि टेलीग्राम एप पर सायबर ठग सक्रिय हैं, जो इन तरीकों से लोगों के साथ ठगी कर रहे हैं- ऑनलाइन जाॅब या पार्ट टाइम जाॅब, टास्क पूरा करने पर कमीशन का लालच देकर पैसे जमा कराना। क्रिप्टो करंसी में निवेश पर बंपर रिटर्न के नाम पर पैसे जमा कराना। टेलीग्राम पर असली ट्रेडिंग चैनल से मिलते-जुलते नाम के फर्जी चैनल बनाकर उसमें सम्मिलित करके फर्जी खरीद- फरोख्त या निवेश तथा लाभ दिखाकर पैसे फर्जी बैंक खातों में जमा करवाकर ब्लाक कर देना। टेलीग्राम पर प्रोडक्ट की शापिंग व साफ्टवेयर की मदद से रेटिंग बढ़ाने के नाम पर पैसे जमा कराना एवं लाभ दिखाकर पैसे ब्लाक करके ग्रुप डिलीट कर देना।

यह रखें सावधानी

    • टेलीग्राम पर किसी भी अनजान प्रोफाइल, ग्रुप या चैनल से ना जुड़ें, ना ही किसी दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
    • क्रिप्टो करंसी निवेश पर अधिक लाभ, शापिंग या जाब आफर के लालच में फीस, रजिस्ट्रेशन, एडवांस ट्रेडिंग मनी आदि के नाम पर किसी खाते में पैसे जमा न करें।
    • टेलीग्राम पर किसी लिंक के माध्यम से ओपन हुए एप या वेबपेज पर अपनी व्यक्तिगत जानकारियां दर्ज न करें।
    • अपने सभी इंटरनेट मीडिया व ईमेल अकाउंट आदि पर टू-फेक्टर आथेंटिकेशन की सुविधा चालू करें, ताकि आपके अकाउंट आसानी से हैक ना किए जा सकें।
  • यदि आपके साथ कोई सायबर अपराध घटित होता है तो उसकी शिकायत अपने नजदीकी पुलिस थाने में करें।
138 Views
What do you think?

Leave a Reply