प्रशांत शर्मा, हरदा। यदि आपका मोबाइल फोन चोरी हो गया और आप रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस के चक्कर लगा रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बहुत उपयोगी है। इस तरह की शिकायतों का समाधान करने के लिए भारत सरकार ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए अलग से व्यवस्था कर दी है। जिसमें पोर्टल पर शिकायत करके भी इसकी सूचना पुलिस को दी जा सकती है। बता दें कि सरकार की ओर से मोबाइल गुमने पर रिपोर्ट दर्ज करने के लिए सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर सीईआईआर पोर्टल लांच किया गया है। पोर्टल के जरिए आप कहीं पर भी अपना मोबाइल को ब्लॉक करा सकते हैं। ऐसा होने से आपका डेटा व निजी जानकारी का कोई गलत फायदा नहीं उठा पाएगा। इतना ही नहीं, मोबाइल मिलने पर आपको तुरंत इसकी सूचना भी मिलेगी। सायबर सेल के एक अधिकारी ने बताया कि हर जिले में सीईआइआर डेस्क बनाई गई है। जहां कर्मचारी खुद पोर्टल पर शिकायत दर्ज करेंगे। फोन मिलने पर उसके मालिक को सूचित कर आगामी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने बताया कि इस सुविधा का लाभ लोग घर बैठे ही पोर्टल पर मोबाइल नंबर दर्ज करके आईएमईआई को ब्लॉक कर सकते हैं। संबंधित व्यक्ति को पोर्टल पर ब्लॉक व अनब्लॉक करने की भी सुविधा है।
फोन चोरी की ऐसे करें शिकायत
सबसे पहले मोबाइल फोन खोने की रिपोर्ट नजदीकी पुलिस स्टेशन में दर्ज करानी होगी। अपने दूरसंचार सेवा प्रदाता से खोए हुए नंबर के लिए डुप्लीकेट सिम कार्ड प्राप्त करें। पोर्टल पर मोबाइल नंबर, आईएमईआई नंबर भरकर सूचना को सबमिट करें। स्वयं से कांटेक्ट करने के लिए मोबाइल नंबर व पता दर्ज करें। इससे भविष्य में किसी भी मोबाइल नेटवर्क तक पहुंचने के लिए हैंडसेट अवरुद्ध हो जाएगा।
Views Today: 2
Total Views: 962

