अनोखा तीर भोपाल:-पिपलानी के एन-चार, सी सेक्टर में रहने वाला 13 वर्ष का सौरभ गुरुवार सुबह अचानक घर से गायब हो गया तो उसके स्वजन परेशान हो गए। शाम तक इकलौते बेटे की खोज खबर नहीं मिलने पर माता-पिता का बुरा हाल हो गया। आशंका-कुशंका के कारण उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। उनकी कालोनी के लोग भी परेशानी में सहभागी बन गए। भेल के लगभग 200 कर्मचारियों ने आसपास के हर संभव स्थान पर बालक की तलाशी की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। उधर शुक्रवार रात आठ बजे सौरभ के पिता के मोबाइल पर एक फोन आया। फोन पर बेटे के सकुशल जम्मू में मिल जाने की खबर सुनकर उनकी आंखों में खुशी के आंसू छलक आए।
दो दिन पहले हो गया गायब
पिपलानी के एन-चार, सी-सेक्टर में रहने वाले निंगप्पा देवकते बीएचईएल में तकनीशियन के पद पर पदस्थ हैं। परिवार में पत्नी के अलावा बेटी सानिका और छोटा बेटा सौरभ है। रोजाना की तरह सुबह 10 बजे पूरा परिवार घर पर था। सुबह करीब 10.30 बजे सौरभ अचानक घर से लापता हो गया। दोपहर तक स्वजन यह सोचते रहे, कि वह आसपास कहीं खेलने गया होगा। उसके दोपहर तक घर नहीं लौटने पर परिवार चिंतित होने लगा। उसके दोस्तों के घरों के अलावा कालोनी में भी उसकी खोज की गई, लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चल सका। शाम ढलने के बाद स्वजन को अनहोनी की आशंका सताने लगी। रात आठ बजे पिता ने पिपलानी थाने में जाकर बेटे के गुम होने की शिकायत दर्ज करा दी।
तमाम माध्यमों से की खोजबीन
बेटे की तलाश के लिए इंटरनेट मीडिया के माध्यम से विभिन्न वाट्सएप समूहों में सौरभ के खो जाने की सूचना तस्वीर के साथ बहुप्रसारित करवाई गई। रेलवे पुलिस एवं आरपीएफ को भी जानकारी दी गई। उधर रात गहराने के साथ ही माता-पिता की नींद तो बेटे की याद में खो सी गई थी। अगले दिन शुक्रवार को भेल के लगभग 200 कर्मचारियों ने क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर तलाशी अभियान भी चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
कटरा रवाना हुए स्वजन
उधर शुक्रवार रात निंगप्पा के मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने अपना परिचय जम्मू रेलवे पुलिस के कर्मचारी के रूप में दिया। उसने बताया कि उनका बेटा एक ट्रेन में कटरा में मिला है। यह सुनकर निंगप्पा की आंखों से खुशी के आंसू छलक गए। स्वजन ने जब वीडियो काल में अपने लाल को सकुशल देखा, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिवार बेटे को लेने कटरा रवाना हो गया है।
Views Today: 4
Total Views: 122