Skip to content
Friday, 30 October 2026
उज्जैन

तीन दिनों में ट्रेनों में चोरी की पांच वारदात, लाखों रुपये व सामान ले गए चोर

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर उज्जैन:-ट्रेनों में चोरों का उत्पात जारी है। तीन दिनों में अलग-अलग ट्रेनों में यात्रियों के बैग व पर्स चोरी होने की पांच वारदात हो चुकी है। इनमें लाखों रुपये नकदी व मोबाइल, जेवरात व अन्य सामान शामिल हैं। मामले में जीआरपी को शिकायत की गई है।

प्रेमशंकर पुत्र मार्कंडेय मिश्र उम्र 46 वर्ष निवासी ग्राम कोईरगंवा शिकारपुर जिला पश्चिम चंपारण बिहार अपने परिवार के साथ रविवार को इंदौर से नागदा शांति एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रहे थे। इस दौरान मिश्र की नींद लग गई थी। विक्रम नगर स्टेशन के समीप नींद खुलने पर पेंट की जेब काटकर अज्ञात बदमाश पर्स चोरी करके ले गया था। पर्स में सात हजार रुपये, तीन एटीएम, पैन कार्ड, आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज रखे हुए थे। मामले में जीआरपी को शिकायत की गई है।

 सिद्धार्थ पुत्र रविकांत मिश्रा निवासी चामुंडा नगर देवास शनिवार को भगत की कोठी एक्सप्रेस के कोच बी में बिलासपुर से उज्जैन की यात्रा कर रहा था। उज्जैन में नींद खुलने पर देखा तो उसका ट्राली बैग नहीं था। जिसमें 18 हजार रुपये नकद, सोने की चेन सहित अन्य सामान रखा हुआ था। पुलिस ने केस दर्ज किया है।

प्रमोद शर्मा निवासी दुर्गा कालोनी उज्जैन रविवार को जयपुर-भोपाल ट्रेन में यात्रा कर रहा था। अज्ञात बदमाश ने उसका बैग व मोबाइल चोरी कर लिया। बैग में चार हजार रुपये नकदी व अन्य सामान रखा हुआ था।

बहादुरगंज उज्जैन निवासी राधा पत्नी बिहारीलाल पाटीदार उम्र 57 वर्ष रविवार को इंटरसिटी एक्सप्रेस से सीहोर जा रही थी। उसी दौरान अज्ञात बदमाश ने उनका मंगलसूत्र चोरी कर लिया। जीआरपी को शिकायत की गई है।

 सागर निवासी कैलाश शर्मा उज्जैन स्टेशन पर सो गया था। नींद खुलने पर उसका मोबाइल गायब था। जीआरपी को शिकायत की गई है। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।

155 Views
What do you think?

Leave a Reply