Skip to content
Thursday, 29 October 2026
भोपाल

बदमाशों ने महिला के गले से चेन लूटी, पुलिस ने दर्ज किया चोरी का मामला

2 min read
Text Size:

भोपाल-शहर में एक बार फिर बाइक सवार लुटेरों ने अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। ताजा वारदात बैरागढ़ इलाके में हुई है, जहां बाइक सवार बदमाशों ने स्कूटी से अपनी बेटी के साथ जा रही एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात के बाद मां-बेटी ने स्कूटी से आरोपितों का काफी दूर तक पीछा भी किया, लेकिन वे भागने में कामयाब हो गए। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का केस दर्ज करने के बजाय बलपूवर्क चोरी का मामला दर्ज किया है।

शादी कार्यक्रम में जा रही थी महिला
बैरागढ़ थाने के एसआइ अमन नायक ने बताया कि सीआरपी बैरागढ़ निवासी 42 वर्षीय भावना पारवानी पत्नी नरेश पारवानी गृहणी हैं। शुक्रवार को उनके एक रिश्तेदार की शादी थी। इसलिए वह अपनी बेटी के साथ चंचल चौराहा के पास सराफा बाजार में सुनार की दुकान पर सोने की चेन सुधरवाने पहुंची थीं। चेन सुधर जाने के बाद उन्होंने वहीं अपने गले में चेन पहन ली। रात करीब साढ़े नौ बजे मां-बेटी लालघाटी पर स्थित एक मैरिज गार्डन में रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए स्कूटी से निकली थी।
लालघाटी की ओर भागे लुटेरे
जब महिला संतजी की कुटिया के पास पहुंची थीं, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों में से एक ने भावना के गले से सोने की चेन झपट ली। इससे चेन टूटकर सड़क पर गिर गई। इसके बाद युवक रुके और चेन उठाकर भाग निकले। मां-बेटी ने लालघाटी की तरफ भागे आरोपितों का अपनी स्कूटी से काफी दूर तक पीछा भी किया। इस दौरान रास्ते में उनकी स्कूटी, सड़क किनारे खड़ी कार से टकरा गई। इस कारण वह आगे नहीं जा सकीं।
छानबीन में जुटी पुलिस
शिकायत करने पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ लूट का केस दर्ज करने के बजाय आइपीसी की धारा 356 और 379 का केस दर्ज किया है। पुलिस घटना स्थल से लेकर लालघाटी और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

364 Views
What do you think?

Leave a Reply