अनोखा तीर, हरदा। कमलनाथ सरकार में राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त करने वाले नामदेव दास त्यागी उर्फ कंप्यूटर बाबा बाबा ने चित्रकूट से मंदाकिनी नदी की शपथ खाकर गौ-माता बचाओ यात्रा का शुभारंभ किया। उनकी यह यात्रा गुरुवार को अनेकों साधु संतों के साथ हरदा पहुंची। शहर के एक निजी होटल में पत्रकारों से चर्चा के दौरान सनातन की बात करने वाली भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वो किसी पार्टी विशेष का प्रचार नहीं कर रहे, बल्कि जो गौ माता और सनातन धर्म की रक्षा करें, चाहे वो कोई हो, हम उनका प्रचार करेंगे। उन्होंने कहा कि यह सरकार गौ माता की रक्षा नहीं कर रही। गौ माता के प्रति उदासीन है। जिनके राज में गौ माता तड़प-तड़प के मर रही हैं। अपने आप को सनातन धर्म का ठेकेदार बोलना बंद कर दे। आप में धर्म नहीं है, कूट-कूट के अधर्म भरा हुआ है। आप जनता को बेवकूफ समझते है। उन्होंने जनता से अपील की कि आप भाजपा सरकार के बहकावे में न आए। जो वास्तव में सनातनी है, उन्हें अपना वोट दें मुख बनाने वालों को नही।
शिवराज सरकार पर जमकर बरसे कम्प्यूटर बाबा
हरदा में कंप्यूटर बाबा ने कहा कि वे गौ माता बचाओ यात्रा निकाल रहे हैं। क्योंकि कि प्रदेश सरकार अनेक प्रकार की योजनाएं ला रही है, फिर भी गौ माता के लिए कोई योजना नहीं लाई। हम लगातार देख रहे हैं कि सरकार ने हमारी गौ-माता को लावारिस हालत में छोड़ दिया। जिससे कि गौ माता विचलित हो रही है और सड़कों में पड़ी हुई हैं। वर्तमान में किसी के माता, किसी के पिता और किसी के बच्चे दुर्घटनाओं से अपनों से बिछड़ रहे हैं। एक तरफ शिवराज सरकार सनातन की बात करती है, लेकिन दूसरी तरफ गौ माताएं सड़कों पर लावारिस घूम रही हैं। उन्होंने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार ने गौ संवर्धन बोर्ड को क्या झुनझुना बजाने के लिए बनाया है। जिसके नाम पर साल करोड़ों रूपए खर्च हो रहे है। इसके बावजूद गौ माता सड़कों पर घूम रही है। इस दौरान उन्होंने पूर्व की कमलनाथ सरकार की तारीफ की, वहीं शिवराज सरकार को अधर्मी बताया। कम्प्यूटर बाबा ने शहर के एक निजी होटल में प्रेस से चर्चा की। इस दौरान वहां उनके आने के पहले ही मंच पर जिला कांग्रेस कमेटी का बैनर लगाया गया। वहां पहुंचने के साथ ही कम्प्यूटर बाबा ने कांग्रेस के बैनर को उतरवाकर उसके स्थान पर गौ माता यात्रा का बैनर लगवाया।

