अनोखा तीर, हरदा। गत दिवस मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित हुई कैबिनेट बैठक में हंडिया में शहीद इलापसिंह उद्दवहन सिंचाई परियोजना एवं हंडिया का नाम नाभिपट्टनम करने की मंजूरी दे दी है। हंडिया में 720 करोड़ की लागत से बनने वाली इस सिंचाई परियोजना के शुरू होने से असिंचित एरिया भी सिंचित हो जाएगा। इस अवसर पर मंत्री कमल पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जिले के शहीद इलापसिंह के नाम पर योजना का नामकरण कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि प्रदान की है। उन्होंने कहा कि जिले का करीब 21 हजार हेक्टेयर हिस्सा तवा कमांड से सिंचित होने से बच गया था। जिसको लेकर हमने शहीद इलापसिंह योजना को बजट में शामिल कराया है। जिसके चलते टिमरनी के 21, हरदा के 4, हंडिया के 68 एवं खिरकिया तहसील के 25 गांवों में इस योजना से नर्मदा नदी के जल से सिंचाई को लेकर माइक्रो उद्वहन परियोजना को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के शुरू होने के बाद पूरे प्रदेश में हरदा ऐसा पहला जिला हो जाएगा जो शत प्रतिशत सिंचित होगा।

