असम के मुख्यमंत्री बोले… विश्वास है फिर बनेगी भाजपा सरकार

जनता के चेहरे पर जो खुशी है…

अनोखा तीर, हरदा। अपने अनुभव के आधार पर कह रहा हूं कि इस बार मध्यप्रदेश में भाजपा अपनी जीत के सारे रिकार्ड तोड़ देगी। मध्यप्रदेश की लाड़ली बहना योजना एक गेम चेंजर साबित होगी। यह ऐसी महिलाओं की योजना मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने प्रारंभ की है, जिसे हमें भी अपने प्रदेश में शीघ्र ही लागू करना पड़ेगा। यह बात असम के मुख्यमंत्री हिमन्ता बिसवा सरमा ने जन आर्शीवाद यात्रा में स्थानीय लक्ष्मीबाई मैदान पर एक सभा में कही। उन्होंने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार ने पूर्वोत्तर समेत अन्य राज्यों में रेल नेटवर्क का विस्तार कर विकास को एक नई दिशा प्रदान की है। वहीं देश की सीमाओं को पूरी तरह सुरक्षित करने का काम किया है। जो हर एक देशवासी के लिए गर्व की बात है। क्योंकि सुरक्षित सीमाएं एक सशक्त राष्ट्र की पहचान है। जिस पर केन्द्र की भाजपा सरकार ने प्राथमिकता से काम किया है। श्री सरमा ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यो से विपक्षी दलों में बौखलाहट साफ नजर आ रही है। इन सबके बीच केन्द्र की मोदी सरकार स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात कर अखंड भारत का स्वप्न साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री श्री सरमा ने आगे कहा कि देश जब कोरोनाकाल से जूझ रहा था, तब केन्द्र सरकार ने पूरी दुनिया को अपनी तत्परता का अहसास कराया। देश के प्रत्येक नागरिक को नि:शुल्क वैक्सीन मुहैया कराई। ठीक उसी समय विपक्ष के लोग वैक्सीन पर सवाल उठा रहे थे। लेकिन जनता ने सरकार पर अपना विश्वास जताया और वैक्सीन अभियान को सफल बनाने का काम किया। इस मौके पर श्री सरमा ने कांग्रेस को भी जमकर आड़े हाथों लिया। कहा कि देश की जनता का कांग्रेस से मोहभंग हो गया है। उन्होंने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विकास कार्यो की भी प्रशंसा की। कहा प्रदेश की लाड़ली बहना योजना की देशभर में चर्चा है। आमसभा को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा कि देश को समृद्धशाली एवं वैभवशाली बनाने के लिये पूरे देश को कांग्रेस मुक्त करना है। क्योंकि, कांग्रेस भ्रष्टाचार, जातिवाद और तुष्टिकरण का पर्याय बन चुकी है। ऐसी ताकतों को जड़ से उखाड़ने का जिम्मा लेना होगा। आमसभा को भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर जन आशीर्वाद यात्रा के प्रभारी वंशीलाल गुर्जर, जिला प्रभारी विकास विरानी, भाजपा जिलाध्यक्ष अमरसिंह मीणा, जिपं अध्यक्ष गजेन्द्र शाह, नपाध्यक्ष भारती राजू कमेडिया, महिला मोर्चा की अध्यक्ष अनिता अग्रवाल, जिला सचिव नितेश बादर, पूर्व विधायक मनोहरलाल राठौर समेत सभी मंडलों के अध्यक्ष, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

लाड़ली बहना की पूरे देश में चर्चा

जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होने के लिए हरदा पधारे असम के मुख्यमंत्री हिमन्ता बिस्वा सरमा स्थानीय सर्किट हाउस में मीडिया से रूबरू हुए। इस दौरान श्री सरमा ने दावा किया कि प्रदेश में जनता के सहयोग से भाजपा फिर से सरकार बनाने जा रही है। इसका अंदाजा यहां की जनता के चेहरे पर झलक रही खुशी से लगाया जा सकता है। मुख्यमंत्री श्री सरमा ने मध्यप्रदेश की जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की। खासकर लाड़ली बहना योजना को महिलाओं के हितार्थ मील का पत्थर बताया है। उन्होंनें कहा कि लाड़ली बहना योजना की चर्चा पूरे देश में हो रही है। यह भी कहा कि योजना ने हमें भी मुसीबत में डाल दिया है। क्योंकि, असम की जनता का कहना है कि जब मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार योजना लागू कर सकती है तो फिर यहां क्यों नही ? श्री सरमा ने आगे कहा कि चुनावों के बाद वे सीएम शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात करेंगे। वहीं योजना को लेकर पीएम नरेन्द्र मोदी से सहयोग अर्जित करने का प्रयास करेंगे।

रोड शो में जमकर बरसे फूल

इससे पहले भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा ने छीपानेर से जिले की सीमा में प्रवेश किया। जन आशीर्वाद यात्रा में प्रभारी वंशीलाल गुर्जर और पूर्व भाजपा अध्यक्ष प्रभात झा ने जनता का अभिवादन किया। यात्रा करतान, सोनखेड़ी, भोनखेड़ी होते हुए हरदा पहुंची। यहां खेड़ीपुरा स्थित संत रविदास चौक से यात्रा रोड शो में तब्दील हो गई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत हुआ। इस मौके पर जनता ने यात्रा पर जमकर फूल भी बरसाए।

पदाधिकारियों ने की अगवानी

भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होने अए हिमन्ता बिस्वा सरमा का हैलीपेड पर कृषि कमल पटेल के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों ने फूलमालाएं व भगवा गमझा पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर यात्रा प्रभारी मनील शर्मा, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश गोदारा, पूर्व नपाध्यक्ष सुरेन्द्र जैन, भाजपा जिला सचिव नितेश बादर, सूरज विश्नोई सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

विरोध करने पहुंचे कांग्रेसी गिरफ्तार

इधर, भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को कांग्रेस ने काले झंडे दिखाकर विरोध करना चाहा। लेकिन, उन्हें पुलिस ने रोक लिया। बावजूद कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की। इस दौरान छीपानेर रोड स्थित कलेक्ट्रेट चौराहें पर गहमागहमी रही। इस बीच पुलिस ने विरोध कर रहे कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जिन्हें जन आशीर्वाद यात्रा हरदा से जाने के बाद रिहा कर दिया। गिरफ्तार कांग्रेसियों में किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन सांई, किसान नेता केदार सिरोही, पूर्व नपाध्यक्ष हेमंत टाले, पूर्व विधायक डॉ आरके दोगने, कांग्रेस अध्यक्ष ओम पटेल, अमर रोचलानी, दीपक सारन सहित एनएसयूआई के कार्यकर्ता शामिल रहे।

Views Today: 2

Total Views: 42

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!