Skip to content
Saturday, 24 October 2026
भोपाल मध्य प्रदेश

लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय पुलिस सशक्त समाज का आधार : राज्यपाल श्री पटेल

2 min read
Text Size:

राजभवन में पदक प्राप्तकर्ताओं का सम्मान समारोह आयोजित

राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय पुलिस, सशक्त समाज का आधार है। पुलिस को बदलते वक़्त के अनुरूप बनना होगा। उन्होंने सभी पदक प्राप्तकर्ताओं और उनके परिजनों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि पदक मिलने से मध्यप्रदेश पुलिस की सक्रियता एवं संवेदनशीलता की छवि और अधिक सशक्त बनेगी जिससे पुलिस बल के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस के लिए आमजन की सेवा एवं सहायता पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।

राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि समाज में ऐसा वातावरण होना चाहिए जिसमें पुलिस और नागरिकों के बीच आपसी भरोसे मजबूत बना रहे। दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक, महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पूरी ईमानदारी और प्रखरता के साथ लागू की जानी चाहिए। उन्होंने पुलिस के आधुनिकीकरण और कौशल उन्नयन की दिशा में उन्नत तकनीक के प्रभावी प्रयासों पर ख़ुशी जाहिर की। श्री पटेल ने पुलिस कल्याण के लिए शासन स्तर से किए जा रहे बेहतर कार्यों, डायल 100 वाहन से पीड़ितों की मदद, सभी जिलों में महिला थाना तथा 950 महिला ऊर्जा डेस्क की स्थापना आदि पहल की सराहना की। उन्होंने हाल ही के वर्षों में मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा नक्सल उन्मूलन की दिशा में की गई प्रभावी कार्रवाई और प्राप्त की गई अभूतपूर्व सफलताओं के लिए पुलिस को बधाई दी।

राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि पुलिस कानून व्यवस्था को कायम रखने के साथ अपनी जनहितैषी और संवेदनशील छवि को और अधिक मजबूत करें। पुलिस सामाजिक कल्याण, पीड़ित लोगों को न्याय दिलाने और समाज विरोधी तत्वों से आमजन को बचाने की जिम्मेदारी आगे बढ़कर निभाएं। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना ने राष्ट्रपति के द्वारा वीरता, विशिष्ट एवं सराहनीय सेवा पदक और जीवन रक्षा पदक प्राप्त करने वाले पुलिस-होमगार्ड के 64 अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा 2 वीर नागरिकों की उपलब्धियों के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी। समारोह में राज्यपाल के प्रमुख सचिव डी. पी. आहूजा, पुलिस महानिदेशक जेल अरविन्द कुमार, पुलिस महानिदेशक होमगार्ड राजेश चावला, पदक प्राप्तकर्ता अधिकारी-कर्मचारी, वीर नागरिक तथा उनके परिजन उपस्थित थे। आभार प्रदर्शन अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक साजिद फरीद शापू ने किया।

102 Views
What do you think?

Leave a Reply