
तरुण मेहरा, सेमरी हरचंद। नगर स्थित कृषि उपज मंडी प्रांगण में शुक्रवार को सोहागपुर विधानसभा का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल शामिल हुए। जहां उन्होंने अपने भाषण से भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरा, वहीं कांग्रेस पर भी जमकर निशाने साधे। श्री पटेल ने कहा कि हमारी सरकार ने घर-घर पानी पहुंचाया, प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास, आयुष्मान योजना में 5 लाख रुपए तक का इलाज, हर लाड़ली बहन को हर महीने 1 हजार रुपए देने का काम और किसी ने नहीं किया। यह कार्य हमारे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया है। हम चुनाव जनता की सेवा करने के लिए लड़ते हैं और जनता की सेवा में निरंतर लगे रहते हैं। कंेद्रीय मंत्री ने कार्यकर्ताओं से आव्हान करते हुए कहा कि समर्थक कोई भी हो सकता है। लेकिन कार्यकर्ता वह होता है जो पार्टी के विचार के साथ चलता है। सबको निराशा के भाव को छोड़ देना चाहिए और यह संकल्प लेना होगा कि मैं जिस बूथ पर खड़ा हूं वह बूथ जीतेगा। विधानसभा में कितने बूथ होते हैं कि एक प्रत्याशी सभी बूथों पर नहीं पहुंच पाता। वहीं केंद्रीय मंत्री पटेल ने कहा कि हमारी चाहे मोदी जी की सरकार हो चाहे शिवराज सिंह चौहान की हर योजना में गरीब जरूर मिलेगा। कांग्रेस नारे देती है, हमने काम किया है। गांव में अगर पक्की सड़क है तो प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की देन है। गरीबों के लिए पक्के मकान का सपना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरा किया है। हिंदुस्तान में एक भी घर नहीं छूटा न वो धर्म के नाम पर ना पार्टी के नाम पर कांग्रेस भेद करती है, बांटना और तोड़ना कांग्रेस का काम है। योजनाएं बंद करने का पाठ कांग्रेस करती आई है। भाजपा दीनदयाल उपाध्याय के विचार धारा की पार्टी है। उन्होंने कहा कि सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह ने हर गांव में सड़क पहुंचा दी। ऐसा कोई गांव नहीं जहां सड़क ना हो। केंद्रीय मंत्री पटेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए लगन और मेहनत करने, पन्ना प्रभारी, बूथ प्रभारियों को जीत का मंत्र दिया। इस दौरान कार्यक्रम में महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया, भाजपा जिलाध्यक्ष माधव दास अग्रवाल, वेयरहाउस कॉरपोरेशन के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, विधायक विजयपाल सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष सोहागपुर जालम सिंह पटेल, भाजपा नेत्री सुश्री राजो मालवीय, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अर्चना पुरोहित, सेमरी हरचंद युवा सरपंच चेतन मीणा सहित भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्षगण एवं जनपद सदस्य, सरपंच सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर कार्यकर्ता व पदाधिकारी ने पुष्प हार से अतिथियों का स्वागत किया।

