दिग्विजय समर्थक भूरिया को मिली चुनाव अभियान की कमान

 

अनोखा तीर, भोपाल। विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे कांग्रेस के निर्णय मिशन-2023 के फतेह पर सवालिया निशान लगने लगे हैं। ताजा उदाहरण चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष से लेकर समिति के सदस्यों के नाम को लेकर है। इस समिति की कमान ऐसे आदिवासी नेता के हाथ में सौंपी गई है, जिन्हें उनके बिरादरी के लोग ही अपना नेता नहीं मानते हैं। कांतिलाल भूरिया के नेतृत्व में कांग्रेस चुनाव लड़ी थी और उसे बुरी तरह पराजय भी मिल चुकी है। समिति के चयन में युवाओं, जैन अल्पसंख्यकों और दबंग आदिवासी नेताओं को शामिल नहीं किया गया है। समिति में ऐसे सदस्य भी शामिल है, जिन्होंने कभी विधानसभा और लोकसभा का चुनाव नहीं जीता। जातिगत नजरिए से देखा जाए तो अभियान समिति में एससी-एसटी वर्ग के चार-चार नेताओं को शामिल किया गया है। ब्राह्मण और राजपूत समाज का प्रतिनिधित्व करने वाले 7-7 नेताओं को शामिल किया है। ओबीसी से 9 और मुस्लिम के नाम पर विधायक आरिफ मसूद को शामिल किया गया है। मालवा निमाड़ में अल्पसंख्यकों की उपेक्षा की गई है। प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया के खिलाफ झाबुआ और धार में ही विरोध के स्वर सुनाई देने लगे हैं। वैसे भी आदिवासियों में भूरिया का कोई प्रभाव नहीं रहा है, वे जब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष थे, उनके नेतृत्व में कांग्रेस को बुरी तरह से पराजय मिली थी। देश की राजनीति में उनकी पहचान केवल दिग्विजय सिंह की रबर स्टांप के रूप में बनी है। समिति में शामिल किए गए सुरेश पचौरी ऐसे नेता है, जो आज तक कोई भी आम चुनाव नहीं जीते हैं। केवल राज्यसभा के सदस्य ही बन पाए थे। इसी प्रकार पचौरी समर्थक शोभा ओझा और दिग्विजय सिंह समर्थक अशोक सिंह भी अभी तक कोई विधानसभा चुनाव नहीं जीते हैं। इस समिति में पिता पुत्रों को एक बार फिर जगह दी गई है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के पुत्र को जरूर शामिल नहीं किया गया है, किंतु प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनथ ने अपने बेटे सांसद नकुल नाथ को जरूर शामिल करवाया है।

 कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के सदस्य

 चुनाव अभियान समिति में भूरिया को अध्यक्ष बनाये जाने के अलावा कमलनाथ, डॉ. गोविंद सिंह, दिग्विजयसिंह, सुरेश पचौरी, अरूण यादव, अजयसिंह राहुल भैया, विवेक तन्खा, राजमणि पटेल, नकुल नाथ, सज्जन सिंह वर्मा, एनपी प्रजापति, केपी सिंह कक्कूजी, लक्ष्मण सिंह, बाला बच्चन, तरूण भानोट, ओमकार सिंह मरकार, डॉ. विजयलक्ष्मी साधो, राजेन्द्र सिंह, हिना कांवरे, लाखनसिंह यादव, सुखदेव पांसे, जीतू पटवारी, कमलेश्वर पटेल, सुरेन्द्र सिंह हनी बघेल, रामनिवास रावत, सुरेन्द्र चौधरी, आरिफ मसूद, महेन्द्र जोशी, शोभा ओझा, अशोक सिंह, राजीव सिंह सहित सभी मोर्चा संगठनों के अध्यक्ष, मप्र कांग्रेस अजा, अजजा, ओबीसी और अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्षगणों को सदस्य बनाया गया है। अभा कांग्रेस कमेटी द्वारा अभा कांग्रेस के महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला को मप्र कांग्रेस का सीनियर ऑव्जर्वर बनाया गया है।

Views Today: 2

Total Views: 22

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!