बहनों को मजबूर नहीं मजबूत बनाया जा रहा : शिवराज

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

अनोखा तीर, नर्मदापुरम। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों के कल्याण के लिए मैं कोई कसर नहीं छोडूंगा। दुधी सिंचाई परियोजना से किसानों के समृद्धि के द्वार खुलेंगे। लाड़ली बहनों को मजबूर नहीं मजबूत बनाया जा रहा है। मेरा बनखेड़ी से पुराना नाता है। बपचन से ही यहां आता रहा हूं। मैने कहा था कि दुधि नदी पर बांध बनाया जाएगा। मैं जो कहता हूं वह करता भी हूं। बनखेड़ी क्षेत्र का बहुत प्यार मिलता है। आज मैं वही कर्जा चुकाने आया हूं। दुधि नदी पर 2631 करोड़ से बांध बनेगा जिससे इस क्षेत्र के खेतों को पानी मिलेगा और किसानों के घर में खुशहाली आएगी। दुधि नदी पर बांध तो बनेगा ही डोकरीखेड़ा डेम भी बनाया जाएगा। बनखेड़ी के दो मुख्य मार्ग भी उच्च गुणवत्ता के बनाएं जाएंगे। बनखेड़ी क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। पिपरिया बस स्टैंड का भी निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने यह संबोधन मंगलवार को बनखेड़ी कृषि उपज मंडी के प्रांगण में दुधी नदी परियोजना के भूमि पूजन समारोह व विकास पर्व के अवसर पर आमसभा को संबोधित करते हुए कही। सभा से पूर्व बनखेड़ी में रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। सांसद उदयप्रताप सिंह, पिपरिया विधायक ठाकुर दास नागवंशी, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, दर्शन सिंह चौधरी, माधवदास अग्रवाल, पूर्व विधायक हरिशंकर जायसवाल, संपत मूदड़ा, कमिश्नर श्रीमन् शुक्ला, पुलिस महानिरीक्षक इरशाद वली, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरण सिंह सहित बडी संख्या में जन समूह मौजूद रहे।

बहनों को मजबूर नहीं मजबूत बनाया जा रहा  

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार के द्वारा विकास के कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। सड़कों के जाल बिछाए गए हैं। पूर्व में किसानों को एक फसल लेना मुश्किल होता था। अब दो ही नहीं तीन फसल ली जा रही है। तीसरी फसल मूंग की खरीदी भी सरकार के द्वारा की जा रही है। किसानों की समृद्धि के लिए सरकार हर कदम उठा रही है। केवल बांध ही नहीं बनाए जा रहे हैं। किसानों की पूरी चिंता की जा रही है। उन्होंने कहा कि बहनों की जिंदगी बनाने का कार्य भी सरकार के द्वारा किया जा रहा है। पहले बेटा बेटी मेंं फर्क किया जाता था। मैंने मुख्यमंत्री बनने के बाद लाड़ली लक्ष्मी योजना बनाई, उसके बाद कन्यादान योजना बनाई, बहनों के लिए लाड़ली लक्ष्मी योजना बनाई जिसके माध्यम से प्रतिमाह एक हजार रुपए बहनों के खाते में पहुंच रहे हैं। अब आने वाले समय में यह राशि तीन हजार रुपए महीने तक हो जाएगी। बहनों के लिए खेती, दुकान, मकान की रजिस्ट्री में एक प्रतिशत की छूट दी जा रही है। पंचायत व नगरीय निकाय चुनाव में बहनों की हिस्सेदारी बढ़ रही है। बहनों को मजबूर नहीं मजबूत बनाया जा रहा है। इतना ही नहीं स्व सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को और मजबूत किया जाएगा। इससे सामाजिक क्रांति आ रही है। बहन बेटी इज्जत के साथ जिए इसका ध्यान रखा जा रहा है। अहाते बंद कराए गए हैं। जो बहनों पर पर अत्याचार करेंगे उन दुष्टों को कठोर दंड देंगे। अत्याचारियों के घरों पर बुलडोजर चलाए जाएंगे।

किसानों के हित में कोई कसर नहीं छोडें़गे

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के हित में मप्र की सरकार कोई कसर नहीं छोड़ रही है। किसान सम्मान निधि की राशि अब 12 हजार की जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से हितग्राही लाभान्वित हो रहे हंै। प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना जैसी अनेक हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को मिल रहा है। विद्यार्थियों के लिए लैपटॉप की राशि 25-25 हजार दी गई है। अब छात्रों के लिए साइकिल की राशि भी अंतरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्कूल में पहले नंबर पर आने वाली छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी। मेधावी विद्यार्थी योजना के तहत उच्च शिक्षा के लिए फीस की राशि सरकार द्वारा दी जाएगी। बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन योजना के तहत हवाई जहाज से तीर्थदर्शन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मैं आप लोगों के लिए कुछ कर सकूं तो मेरी जिंदगी सफल हो जाएगी। कार्यक्रम में अनेक लाड़ली बहनों ने मंच पर पहुंच कर मुख्यमंत्री को राखी बांध कर आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को मंच से हित लाभों का वितरण भी किया गया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बहनों को सम्मानित भी किया।

 

हेलीकाप्टर खराब हुआ तो बहनों से मिलने सड़क मार्ग से पहुंचे सीएम

नर्मदापुरम जिले की लाड़ली बहनाओं से मिलने आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का दौरा बनखेड़ी एवं सिवनी मालवा में था। लेकिन बनखेड़ी में आयोजित कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री के हेलीकाप्टर में तकनीकी खराबी आ गई। दूसरा कोई नेता होता तो सिवनी मालवा का दौरा रद्द हो जाता। लेकिन लाड़ली बहनों के भाई शिवराज अपनी बहनों से मिलने के लिए सड़क मार्ग से ही रवाना हो गए। हालाकि उन्हें आने में देर हुई, लेकिन सिवनी मालवा में उनकी बहनें बड़ी संख्या में एकत्रित होकर उनकी अगवानी में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने 262 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि किसानों की सम्मान निधि अब 10 हजार से बढ़कर 12 हजार होगी। पूर्व में केंद्र से 6 हजार और प्रदेश सरकार से 4 हजार मिलाए जाते थे जिसे बढ़ाकर प्रदेश से भी अब 6 हजार और कर दिए जाएंगे। कुल मिलाकर 12 हजार रुपए किसान सम्मान निधि किसानों के खाते में पहुंचेगी। कार्यक्रम में सांसद राव उदयप्रताप सिंह, सिवनी मालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा, नर्मदापुरम विधायक डॉ सीतासरन शर्मा, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष रितेश जैन, दर्शन सिंह चौधरी, श्रीमती माया नारोलिया, माधवदास अग्रवाल, योगेंद्र मंडलोई, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ.गुरकरण सिंह, जिला पंचायत सीईओ एसएस रावत सहित बड़ी संख्या में लाड़ली बहना और विकास पर्व के तहत योजनाओं में लाभ लेने वाले हितग्राही शामिल रहे।

मुख्यमंत्री ने दी अनेक सौगातें

सिवनी मालवा विधायक व नगर पालिका अध्यक्ष के द्वारा की जाने वाली मांगों पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सिवनी मालवा में सुंदर और शानदार भवन बनेगा। ऑडिटोरियम बनाया जाएगा। मुख्य मार्ग पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। कुसुम महाविद्यालय में साइंस पीजी क्लास व शिवपुर में महाविद्यालय शुरू किया जाएगा।

Views Today: 2

Total Views: 112

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!