उत्साह से मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

अनोखा तीर, इंदौर। हरियाणा गौड़ ब्राह्मण समाज इंदौर की महिला कार्यकारिणी सदस्य एवं अरुयोगासन की योग संचालिका श्रीमती अनिता शर्मा गोगोरिया द्वारा लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी अरुयोगासन संस्था द्वारा विश्वविख्यात शंकरा आई सेंटर की विजय नगर शाखा में 9वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कार्यशाला आयोजित की गई। योग संचालिका अनिता शर्मा ने कहा कि कोरोना की वैश्विक महामारी के संक्रमण में लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हुई थी। तब इसने जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाला था। हमारा लक्ष्य है कि मानव अपनी जीवनशैली में योग को उतार ले। तो समस्त विश्व का प्रत्येक नागरिक शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास कर मोक्ष की ओर अग्रसर हो। आप और हम योग जैसी सांस्कृतिक विरासत अपने जीवन में शामिल कर पूर्ण स्वास्थ्य को प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि योग प्राणायाम, आसनों और योग क्रियाओ से श्वसन तंत्र को मजबूत कर रोग प्रतिरोधात्मक क्षमता बढ़ाई जा सकती है। इन योग प्राणायाम, आसनों की श्रृंखला में भास्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम- विलोम, भ्रामरी, उदगीथ, उज्जायी, उष्ट्रासन, पश्चिमोत्तानासन, पवनमुक्तासन, उत्तानपादासन, जलनेति, सूत्र नेति एवं कुंजल क्रिया शामिल है। योगासन शरीर और मन को स्वस्थ रखने की प्राचीन भारतीय प्रणाली है। शरीर के स्वस्थ रहने पर ही मस्तिष्क स्वस्थ रहता है। मस्तिष्क से ही शरीर की क्रियाओं का संचालन होता है। इसके स्वस्थ और तनावमुक्त होने पर शरीर की सभी क्रियाएं भली प्रकार से सम्पन्न होती हैं। इस तरह शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और आत्मिक विकास के लिए योगासन अति आवश्यक है। योग अनिद्रा, तनाव, थकान, उच्च रक्तचाप, चिन्ता दूर कर शरीर ऊर्जावान बनाता है। अंत में संस्था ने अतिथियों का आभार माना। यह जानकारी समाज के कार्यसमिति सदस्य रूपेश शर्मा ने दी।

116 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!