ग्रामीण पंरपरा… लोक गीत हालूर गायन सुनकर श्रोता मंत्रमुग्ध

schol-ad-1

 

अनोखा तीर, हरदा। निमाड़ लोक कला एवं संस्कृति केंद्र खंडवा , नर्मदा वैली रूरल डेव्हलपमेंट फाउंडेशन ट्रस्ट हरदा एवं सीवी रामन विश्वविद्यालय खंडवा के संयुक्त तत्वाधान में ग्राम चारखेड़ा में हालूर गायन का आयोजन हुआ। कृषि कार्य करते समय किसान खेतों में अपने श्रम को ऊर्जा देने के लिए हालूर गीत गाते थे। ललित निबन्धकार डॉ. श्रीराम परिहार के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ अरुण जोशी कुलपति, रवि चतुर्वेदी कुलसचिव, राजीव बाहेती, शोभा वाजपेयी, रामन क्षेत्रीय संसाधन केंद्र के क्षेत्रीय प्रबंधक उमेश शर्मा एवं सुश्री स्वाती गुरु तथा ग्रामीणों ने सरस्वती माता के पूजन व दीप प्रज्वलन के साथ पारंपरिक हालूर गायन का शुभारंभ किया। तत्पश्चात हालूर गायन मंडल के सदस्य मांगीलाल पाटिल, हरिराम रायखेरे, किरण पाटिल एवं सावित्री बाई का शॉल व श्रीफल देकर सम्मान किया गया। हालूर गायन के बारे में विस्तृत वर्णन करते हुए डॉ श्रीराम परिहार ने बताया कि खेतों से विलुप्त होती परम्परागत खेती के साधनों को युवा पीढ़ी याद रखें, इसी उद्देश्य से यह आयोजन रखा है। हालूर गीत आर्थिक सामाजिक समायोजन का प्रहरी रहा। खेतों में हल चलता था। किसान खेतों में नाड़ी चलाते थे और गीत गाते थे । चांदनी रात में ओस की भीगी ठंडक के बीच आकाश की गरिमामयी रात में खेतों में नाड़ी चलाते समय गीत गाये जाते थे। एक लाइन एक खेत वाला व दूसरी पंक्ति दूसरा खेत वाला गाता था, उन गीतों से श्रम की आवाज, मेहनत की आवाज, बीज की आवाज से एक मधुर स्वर निकलता था, यही हालूर था। हालूर गायन में अलग-अलग जगहों की चार अनुभवी पीढ़ी के गायकों ने गायन प्रस्तुत किये, जो कर्ण प्रिय रहे। जिन्हें सभी ने खूब सराहा। जब हालूर गाना शुरू हुआ तो सबने गायकों का उत्साहवर्द्धन किया। कुलपति डॉ अरुण जोशी ने सभी हालूर गीतों को एक अनुपम विरासत बताया। कहा कि ये अपने आप में एक अनूठा कार्य हैं। ये वो गीत हैं, जो कार्य की शिथिलता में तीव्रता ला देते थे। हालूर एक शोध का विषय है। जिस पर विचार होना चाहिए। डॉ जोशी ने सभी अनुभवी गायकों की सराहना की तथा आयोजन को लेकर हर्ष व्यक्त किया। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन ज्ञानेश चौबे ने किया। वहीं अंत में सुनील बागरे ने सभी का आभार जताया।

Views Today: 2

Total Views: 152

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!