Skip to content
Friday, 23 October 2026
खंडवा

49 वर्ष की सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए एसएन कालेज के पूर्व प्राचार्य डा. जैन

2 min read
Text Size:

एक ही संस्था में अध्ययन, अध्यापन और फिर प्रशासन का कार्य कर अपने जीवन के महत्वपूर्ण 49 वर्ष एक संस्था के माध्यम से राष्ट्र सेवा को अर्पित कर दिए। ऐसे विलक्षण डॉ मुकेश जैन को विदाई केवल एक शर्त पर दी जा सकती है कि वे हमारा मार्गदर्शन करने के लिए सदैव उपलब्ध रहे। उक्त विचार श्री नीलकंठेश्वर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ मुकेश जैन के सेवानिवृत्त अवसर पर आयोजित विदाई सह-सम्मान समारोह में स्टॉफ के सदस्यों ने व्यक्त किए। समारोह की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ गणेश प्रसाद दावरे ने की।

स्टॉफ क्लब अध्यक्ष डॉ मनीषा साकल्ले ने कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। उक्त समारोह में लोक प्रशासन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ एसके गोयल, नवीन आदर्श महाविद्यालय प्राचार्य डॉ आईबी सिंह, इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ रेखा गुंजन, वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ एमकेडी अग्रवाल, अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ एसपी सिंह, कम्प्यूटर विभाग अध्यक्ष प्रो पीके पाटिल ने डॉ जैन के साथ बिताए पलों के अनुभव भावुकतापूर्ण शब्दों में व्यक्त किए। प्रो खिमिया सिंह ने डॉ जैन पर केंद्रित स्वरचित कविता पाठ किया।

अपने भाव व्यक्त करते हुए डॉ मुकेश जैन ने कहा कि सेवानिवृत्ति शासकीय प्रक्रिया है जिसकी मुझे प्रसन्नता है किंतु इस संस्था से बिछडऩे का दुख है। अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ गणेश प्रसाद दावरे ने कहा कि विदाई बार-बार नहीं आती, सम्मान पूर्वक विदा होना गौरव की बात है। उन्होंने डॉ जैन के दिए अवदान का उल्लेख करते हुए विश्वास दिलाया कि वे संस्था को और ऊंचाई पर ले जाने का प्रयास सबके साथ मिलकर करेंगे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ कांति किरण डेविड ने किया तथा आभार डॉ मधु सिंह ने व्यक्त किया।

131 Views
What do you think?

Leave a Reply