अनोखा तीर, हरदा। अबगांवखुर्द एवं मंझली फीडर से जुड़े किसानों की बिजली समस्या को लेकर किसान कांग्रेस प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष केदार शंकर सिरोही और यूथ कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश पटेल गोयत के नेतृत्व में किसान गुरूवार को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। ग्राम गोगिया और नांदरा के बीच मुख्य मार्ग पर जारी भूख हड़ताल में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे। इस दौरान आंदोलन स्थल पर पहुंचे विभाग के जेई ने हड़ताल पर बैठे किसानों से बातचीत की। लेकिन कोई बात नही बन पाई। दरअसल, किसान डीई श्री अग्रवाल से मिलने की जिद पर अड़े रहे। उन्होंनें कहा कि जब तक वरिष्ठ अधिकारी व्यवस्था सुधार का पूर्ण भरोसा नही देते हैं, हड़ताल खत्म नही करेंगे। किसान नेता केदार शंकर सिरोही ने कहा कि किसानों ने अपने खेतों मूंग की बोनी तो कर दी, लेकिन अब पर्याप्त बिजली का टोटा है। जिसके चलते मूंग की फसल बिगड़ने के आसार दिख रहे हैं। क्योंकि क्षेत्र में 24 घंटे में से महज 6 या 7 घंटे बिजली मिल रही है, जो कि नाकाफी है। वहीं इस बीच बार-बार ट्रिपिंग की समस्या भी सामने आ रही है। स्थिति यह है कि आगे क्या होगा ? इस बात को लेकर किसान चिंतित हैं। उनकी इस समस्या को लेकर किसानों को भूख हड़ताल पर बैठना पड़ा। उन्होंनें कहा कि जब तक किसानों को पर्याप्त बिजली नही मिलेगी, हड़ताल जारी रखेंगे। इस संबंध में जिला प्रशासन को एक दिन पहले लिखित सूचना दे चुके हैं। बावजूद प्रशासन की तरफ से कोई भी जिम्मेदार अफसर मौके पर नही पहुंचा। जिससे सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि किसानों के मुद्दे पर प्रशासन व जनप्रतिनिधि कितने सजग हैं।
कोई निष्कर्ष नही निकला
विद्युत वितरण कंपनी के जेई गोविंद डोंगरे मौके पर पहुंचे। उन्होंनें पर्याप्त बिजली देने का आश्वासन दिया। इस दौरान डीई श्री अग्रवाल से मोबाईल पर बात भी कराई। हालांकि करीब पौन घंटे चली बातचीत के बावजूद कोई निष्कर्ष नही निकला। किसानों ने कहा कि विभाग के शीर्ष अधिकारी की मौजूदगी में विद्युत व्यवस्था के संबंध में सार्थक चर्चा ना कर लें, तब तक हड़ताल जारी रहेगी
इनकी रही उपस्थिति
भूख हड़ताल में पूर्व नपाध्यक्ष हेमंत टाले, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन विश्नोई, जिला अध्यक्ष ओम पटेल, पूर्व प्रदेश सचिव प्रकाशचन्द वशिष्ठ, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद व्यास, संगठन मंत्री जयप्रकाश त्रिपाठी, अवनी बंसल, रामदिन पटेल, राधेश्याम सिरोही, गेन्दालाल खेरवा, अर्जुन बाना, कमल बाष्ट, जुगल पटेल सहित बड़ी संख्या में किसानों ने अपनी सहभागिता निभाई।
Views Today: 2
Total Views: 54