: झूलते तार दिखाता किसान
: अतरसमा में खम्बे का हाल

अनोखा तीर, हरदा। शहर के नवीन वार्डो में अब भी पुराने ढर्रे पर काम चल रहा है। यहां पुरानी व्यवस्थाओं को देखकर ऐसा लगता ही नही कि ये क्षेत्र अब शहरी सीमा में शामिल है। क्योंकि, क्षेत्र में पक्की सड़कों के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं की कमी देखने को मिलेगी। वहीं आाबादी क्षेत्र, स्कूल तथा आम रास्ते के आसपास झूलते बिजली के तार दुर्घटना को खुला आमंत्रण दे रहे हैं। इतना ही नही, वर्षो पुराने विद्युत पोल गिरने की कगार पर है। जिन्हें देखकर सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि उक्त स्थल खतरों से भरा पड़ा है। स्थिति यह है कि झूलते तार जगह-जगह से कमजोर हो रहे हैं। जिसके चलते लोग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार शहरी क्षेत्र में बिजली के झूलते तारों के कारण हादसे का अंदेशा बना हुआ है। सर्वाधिक समस्या वार्ड क्रमांक 31 स्थित मानकर हॉस्पिटल के पीछे देखने को मिल जाएगी। आबादी क्षेत्र में हैवी लाइन को हटाने, झूलते तारों को ऊंचा करने तथा झूके हुए विद्युत पोल की जगह नए पोल खड़े करने की जरूरत है। वहीं दूसरी ओर विद्युत वितरण कंपनी का इस ओर खास ध्यान नही है। जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। यहां बताना होगा कि झूलते तारों की जद में आकर एक यादो नही बल्कि कई हादसे हो चुके हैं। गनीमत रही कि कोई जनहानि नही हुई। हालांकि, करंट की चपेट में आकर संबंधित युवक बुरी तरह झुलस गए थे। जिनके इलाज पर लाखों रूपए खर्च हुआ है। पहला हादसा डेयरी पर कार्यरत कर्मचारी लोकेश के साथ हुआ। जब वह गोबर फेंकने ढ़ेर की तरफ जा रहा था, तभी झूलते तार से करंट का जोरदार झटका लगा। जिससे लोकेश के शरीर पर जले का निशान बन गया था। दूसरा हादसा थेाड़ी ही दूर पर गौर छात्रावास के सामने हुआ। जहां घर के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने पर राहुल नामक युवक बुरी तरह झुलस गया था। जिसका स्थानीय निजी अस्पताल में लंबे समय तक इलाज चला। इसके अलावा भी कई छोटे-मोटे हादसे हो चुके हैं। बावजूद विद्युत वितरण कंपनी तारों की ऊचाई बढ़ाने में रूचि नही ले रहा है। जबकि, यह क्षेत्र शहरी सीमा में शामिल होने के साथ-साथ यहां तेजी से आबादी क्षेत्र का विस्तार हो रहा है। इस लिहाज से यहां खतरे को कम करना विभाग की जिम्मेदारी बनती है, ताकि अप्रिय हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।
ओर करंट के संपर्क में हार्वेस्टर ….
जानकारी के अनुसार ऐसा ही कुछ हाल वार्ड में अन्य जगहों पर दिखेगा। सिविल लाइन थाना रोड पर थोड़ा आगे चलने के बाद रास्ते में झूलते तार दिखाई देंगे। यही पर कुछ दिनों पहले एक हार्वेस्टर तार के संपर्क में आ गया था। इस दौरान चालक को झटका महसूस हुआ। उसने स्पीड बढ़ाकर तुरंत गाड़ी को आगे बढ़ाया, अन्यथा हादसा बड़ा रूप ले सकता था। किसान विजय शर्मा ने बताया कि कई बार तार खींचने की मौखिक सूचना दे चुके हैं।
तारों के कारण शार्ट सर्किट का डर
इतना ही नही, आदमकद ऊंचाई पर झूलते तारों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, वहीं तारों के आपस में टकराने के कारण शार्ट सर्किट का डर भी बना रहता है। स्थानीय किसान चन्द्रशेखर शर्मा ने बताया कि पहले यह क्षेत्र पंचायत में आता था, जो हाल ही में शहरी सीमा में शामिल हो चुका है। परंतु यहां सुविधाओं का विस्तार अधर में है। जबकि क्षेत्र में अप्रिय हादसों को रोकने के लिहाज से खतरों से भरी जगह पर मरम्मत व सुधार कार्य की दरकार है।

