Skip to content
Saturday, 17 October 2026
खंडवा

होली के रंग में रंगे बाजार, जमकर हुई खरीदारी

3 min read
Text Size:

खंडवा। बाजार रंगीन हो गया है। खुलेआम राकेट लांचर और मिसाइलें हाथ ठेलों पर टंगी हैं। आकर्षक पिचकारियां और फनी विग के साथ कार्टून कैरेक्टर टैंकों में उतारे गए हैं। मुखौटे तो मोदी, राहुल गांधी, विदेशी नेताओं की भी डिमांड हैं। कोरोना के बाद तीन साल बाद आए मस्ती के इस त्यौहार को खुलकर मनाने की तैयारियाँ खंडवा जिले में भी हैं।
रविवार हाट व होलिका दहन के दो दिन पूर्व अच्छी खासी भीड़ देखी गई। बच्चों ने रंग व पिचकारियां खरीदीं। महिलाओं ने होलिका पर चढ़ाए जाने वाले फूलखार खरीदे। होलिका दहन के लिए गली-मोहल्लों में लकड़ी व कंडे एकत्रित करने की होड़ दिखने लगी है।
बाजार में चहल-पहल बढ़ी
रविवार को बाजार में चहल-पहल ज्यादा रही। बाजार में ग्रामीण क्षेत्र से आए ग्रामीणों ने रंग, पिचकारी के साथ ही अन्य आवश्यक वस्तुओं की भी जमकर खरीदी की। पर्व के  पूर्व बाजार में ग्राहकी आने से व्यापारियों के चेहरों पर खुशी देखी गई। बढ़ती महंगाई के  चलते लोगों ने भी अपने खर्च को सीमित कर लिया है।


मैजिक व हर्बल कलर की बढ़ी मांग
इस बार मैजिक कलर बाजार में ग्राहकों को पंसद आ रहा है। जिसे लगाते ही 2 मिनट के अंदर रंग आटोमेटिक शरीर से हट जाएगा। इसके लिए उसे धोने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। बाजार में आमतौर पर बिकने वाले रंग-गुलाल के साथ ही इस बार हर्बल कलर और कैप्सूल की मांग अधिक है। फूलों से बने हर्बल कलर, आर्गेनिक गुलाल भी बाजार मेंं है। इसके साथ ही पिचकारी, वाटर टैंक, कार्टून पिचकारी, गुलाल तोप सहित बंदूक व बलून की वैरायटी भी शहर के बाजारों में उपलब्ध है।
होलिका दहन मंगलवार
मंगलवार देर रात को होलिका दहन होगा। बुधवार को सुबह से रंग गुलाल उड़ेंगे व फाग होगा। शहर के सभी गली-मोहल्लों व चौराहों पर होली जलाने के लिए एक माह पूर्व ही होली की स्थापना कर दी गई थी। अपनी होली अच्छी जले इस हेतु अब उसे सजाने की कवायदें तेज हो चली है। मंगलवार रात तक होलिका को पूरी तरह से लकडिय़ों से सजा दिया जाएगा। देर रात अलग-अलग शुभ मुहूर्तों में बच्चे व युवा बड़े ही मस्ती भरे माहौल में पंडितों द्वारा पूजा-अर्चना कर होलिका दहन करेंगे।


होलिका पूजन कर चढ़ेंगे हार, गोबर की माला
होलिका दहन के दिन सुबह से ही होलिका माता का पूजन महिलाओं द्वारा किया जाता है। पर्व में और अधिक मिठास घोलने के उद्देश्य से हर घर में स्वादिष्ट व्यंजन जिसमें पुरन पोली के साथ विभिन्न प्रकार के पकवान बनाए जाएंगे। घर में बनाए गए इन व्यंजनों का होलिका माता को भोग लगाने के साथ ही महिलाओं द्वारा पूजन किया जाएगा। भोग के साथ ही गोबर से बनाए गए हार, कंगन सहित विभिन्न प्रकार के आभूषण होलिका पर चढ़ाए जाएंगे।

138 Views
What do you think?

Leave a Reply