मामले में विनोबा नगर की ओर भागे हमलावर
परिजनों ने पुलिस को बताया एक माह पहले हुआ था विवाद
बैतूल । शहर के भागगुढाना में ऑयल मिल संचालक दिनेश अग्रवाल के ऊपर हुए जानलेवा हमला को लेकर पुलिस जांच में कुछ तथ्य सामने आए हैं। आज सुबह घटना स्थल पर पहुंचा पुलिस डॉग केंद्रीय विद्यालय तक आया और वहां से विनोबा नगर के अंदर गया। जिससे लग रहा है कि हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद विनोबा नगर की तरफ भागा है। इसके अलावा जांच कर रहे गंज टीआई एबी मर्सकोले का कहना है कि दिनेश अग्रवाल के परिजनों ने पुलिस को बताया कि एक माह पहले कोई विवाद हुआ था। पुलिस इन दोनों बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि आरोपी एक है या अधिक हैं। दरअसल शहर के औद्योगिक क्षेत्र भग्गूढाना में कल दिन दहाड़े कृष्णा आयल मिल के मालिक पर प्राणघातक हमला होने से सनसनी फैल गई है। घायल मालिक को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज जारी है । हमले से उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही दिनेश अग्रवाल के परिचित, शुभचिंतक, पुलिस अधिकारी एवं अग्रवाल समाज के लोग अस्पताल पहुंंच गए थे।