Skip to content
Thursday, 22 October 2026
भोपाल मध्य प्रदेश

अपनी जनता को इस संकट से निकाल लें जाऊंगा : चौहान

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गणेशजी की स्थापना कर अपनी जनता के बीच आया हूं। गणेशजी के बाद जनता ही मेरी भगवान है, ग्राम हिनोतिया और गुजरखेड़ा आकर मैं जनता की पूजा कर रहा हूं। मुख्यमंत्री श्री चौहान बुधवार को विदिशा जिले के बाढ़ प्रभावित ग्राम हिनोतिया और गुजरखेड़ा में ग्रामीणों की व्यथा जानने के बाद उनसे संवाद कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मेरे ग्रामीण भाई यदि परेशान हैं तो मैं चैन से कैसे बैठ सकता हूं। केवल हिनोतिया और गुजरखेड़ा ही नहीं, विदिशा जिले के 1336 गांव के 27 हजार 639 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। मैं अपनी जनता को इस संकट से निकाल कर ले जाऊंगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि उन्होंने मिट्टी के ढेर बन गए मकानों को देखा है। गृहस्थी भी डूब गई और मवेशियों के अलावा फसलें भी बर्बाद हो गई हैं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जिनके मकान बाढ़ से टूट गए हैं, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे आवास निर्माण कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि फसलों को हुए नुकसान के लिए आरबीसी 6.4 में सहायता के साथ प्रधानमंत्री फसल बीमा की राशि से भी भरपाई की जाएगी। साथ ही गाय, भैंस, बकरी आदि मवेशियों के लिए भी मुआवजा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिनके पास रहने के लिए घर नहीं बचा उन्हें घर बनने तक अस्थायी आश्रय स्थलों में रखा जाएगा। जिससे वे अपने बच्चों का पालन.पोषण कर सकें। उन्होंने जिला कलेक्टर को तत्काल व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि बाढ़ से जिंदगी बचाने की चुनौती के बाद अब सभी पीडि़त परिवारों को हर संभव मदद दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिंदगी पटरी पर आ जाए, फिर सडक़ और पुल-पुलियाओं के काम भी किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश के जो भी क्षेत्र बाढ़ से प्रभावित हुए है, उन्हें इस संकट और परेशानी से पार निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि विदिशा जिले में बाढ़ से हुई क्षति के अब तक के आकलन के आधार पर 11 करोड़ 3 लाख 15 हजार रूपये तत्काल प्रभावितों के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं। सांसद राजबहादुर सिंह, कुरवाई विधायक हरिसिंह सप्रे, शमशाबाद विधायक श्रीमती राजश्री सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
—————————

227 Views
What do you think?

Leave a Reply