Skip to content
Saturday, 17 October 2026
भोपाल

राजनीतिक दल बनाएंगे आईएएस वरद मूर्ति मिश्रा

2 min read
Text Size:

दैनिक अनोखा तीर, भोपाल। आज स्वेच्छिक सेवानिवृत्ति लेने उपरांत पहली बार मीडिया से रूबरू होते हुए आईएएस डॉक्टर वरदमूर्ति मिश्रा ने मध्यप्रदेश में नया राजनीतिक दल बनाने का ऐलान किया। डॉ मिश्रा ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस का राजनीतिक चरित्र एक जैसा है। यह दल केवल अपने राजनीतिक आकाओं को खुश रखने के लिए ट्रांसफर, पोस्टिंग और विभिन्न प्रकार के ठेकों के माध्यम से धन एकत्र कर पार्टी फंड में भेजने का कार्य करते रहे हैं। डॉ मिश्रा ने कहा कि वास्तव में सरकार के पास किसानों एवं ग्रामीणों की समस्या का कोई स्थाई समाधान या योजनाएं नहीं है। सरकारी सिस्टम धीरे धीरे कुछ मजबूत लोगों के हाथों में या उनके पक्ष में होता दिखाई देता है। हमारा सरकारी सिस्टम मूलभूत समस्याओं को भी नजरअंदाज कर जाता है। डॉक्टर वरदमूर्ति मिश्रा ने कहा कि सरकार चाहे किसी भी दल की हो वह केवल वोटों की राजनीति करती है। मध्य प्रदेश कृषि प्रधान प्रदेश है, यहां 55 प्रतिशत रोजगार कृषि पर आधारित है। इसके बावजूद सरकारें इस क्षेत्र के लिए आज तक कोई ठोस योजना नहीं बना पाई है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश नकली खाद बीज का हब बन चुका है। सरकार के पास इसकी जांच के लिए पर्याप्त संसाधन और बलों की कमी है। श्री मिश्रा ने कहा कि आज तक यह समझ में नहीं आ पाया कि किसानों को सिंचाई के लिए रात में ही बिजली क्यों दी जाती है। उन्होंने कहा किसानों के लिए एक सुविधाजनक समय तय किया जाकर पर्याप्त बिजली आपूर्ति की जाना चाहिए। जिससे वह आसानी से अपनी फसलों की सिंचाई करा सके। उन्होंने सरकार के पास कमर्शियल फसलों के लिए दर निर्धारण की कोई योजना नहीं होना बताया। डाक्टर वरदमूर्ति मिश्रा ने कहा कि वह शीघ्र ही एक नया राजनीतिक दल गठन करेंगे। आगामी विधानसभा चुनाव में वह स्वयं तथा उनके दल के प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरेंगे। फिलहाल उन्होंने अपने दल का दाम और उसके उद्देश्य आदि का खुलासा नहीं किया है। लेकिन इतना तो तय है कि अब डॉक्टर मिश्रा ने मध्य प्रदेश की राजनीति में उतरने का पूरी तरह मन बना लिया है।

301 Views
What do you think?

Leave a Reply