कृषि मंत्री कमल पटेल ने की सार्वजनिक घोषणा
दैनिक अनोखा तीर, हरदा। नगर पालिका हरदा के लिए पार्षद पदों के चुनाव चल रहे हैं। जिस दल के सर्वाधिक पार्षद विजयी होकर आयेगे वहीं अध्यक्ष पद का उम्मीदवार चयन करेगें। अध्यक्ष का पद पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित हैं। इसीलिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ही राजनीतिक दलों द्वारा पिछड़ा वर्ग की महिला उम्मीदवारों पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है। सत्ताधारी दल भाजपा द्वारा वैसे तो पिछड़ा वर्ग से 5 महिला उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा गया है। पार्टी द्वारा अभी तक किसी को अधिकृत रूप से अध्यक्ष पद का दावेदार घोषित नहीं किया गया है। लेकिन गत दिवस एक चुनावी नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश शासन के कृषि मंत्री हरदा विधायक कमल पटेल ने सार्वजनिक रूप से कहा कि श्रीमती भारती राजू कमेड़िया हमारी अध्यक्ष पद की उम्मीदवार होंगी। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि आप भारती को पार्षद चुन कर दें, हम आपको अध्यक्ष देंगे। वैसे तो चुनाव के नामांकन भरने दौरान ही यह स्पष्ट हो गया था कि श्रीमती भारती राजू कमेड़िया को ही भाजपा द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष बनाया जाएगा। क्योंकि श्रीमती भारती राजू कमेड़िया ने राजनीतिक रूप से पहले जिला पंचायत में अध्यक्ष पद की दावेदारी को पार्टी के कहने पर त्यागा था। उन्होंने यह राजनीतिक त्याग मंत्री कमल पटेल के कहने पर ही किया था । वर्तमान भाजपा जिला अध्यक्ष अमर सिंह मीणा की धर्मपत्नी वर्तमान में भाजपा से पार्षद उम्मीदवार श्रीमती आशा मीणा के लिए भारती का यह त्याग कराया गया था। यही कारण है कि मंत्री कमल पटेल अब भारतीय को उसके त्याग का पारितोषिक देना चाहते हैं। देखा जाए तो भाजपा में अध्यक्ष पद को लेकर दावेदारों की लंबी कतार है लेकिन भारती राजू कमेड़िया का दावा सबसे मजबूत प्रतीत होता है। बहरहाल मंत्री कमल पटेल की घोषणा पर भाजपा जिला अध्यक्ष अमर सिंह मीणा ने कहा कि यह मंत्री जी के भावनात्मक उद्गार हैं अभी संगठन द्वारा किसी को अधिकृत रूप से अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार घोषित नहीं किया गया है। भीतर खाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार कृषि मंत्री कमल पटेल ने पार्षद उम्मीदवारों को टिकट देते समय ही यह स्पष्ट कर दिया था कि वह अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत नहीं करेंगे। उन्होंने अध्यक्ष पद के लिए पहले से ही श्रीमती भारती का नाम तय कर रखा है। क्योंकि भारतीय ने श्रीमती आशा मीणा के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष का पद त्यागा था तो अब आशा मीणा को उसके लिए अपनी दावेदारी त्यागना पड़ेगी।
Views Today: 2
Total Views: 100