Skip to content
Friday, 9 October 2026
हरदा

वर्षा के दौरान सुरक्षा को लेकर कलेक्टर की अपील

2 min read

-नदी-नालों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें नागरिक
अनोखा तीर, हरदा। जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने आमजन से वर्षा के दौरान विशेष सतर्कता एवं सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नागरिक स्वयं की एवं अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक जोखिम लेने से बचें। कलेक्टर श्री जैन ने कहा कि तेज बारिश के दौरान नदी, नाले, पुल-पुलिया एवं रपटों में पानी का बहाव बढ़ सकता है। ऐसे स्थानों पर पानी बहने की स्थिति में उसे पार करने का प्रयास नहीं करें। जलभराव वाले क्षेत्रों एवं तेज बहाव वाले पानी में वाहन लेकर जाने से भी बचें। बच्चों एवं बुजुर्गों को विशेष रूप से ऐसे स्थानों से दूर रखें। उन्होंने आकाशीय बिजली से बचाव के लिए भी सावधानी बरतने की अपील की है। गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, खेत, पेड़, बिजली के खंभों एवं अन्य ऊंचे स्थानों पर खड़े न रहें और सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें। किसान भाई भी मौसम खराब होने पर खेतों में कार्य करने से बचें। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि वर्षा के दौरान गिरे हुए बिजली के तारों से दूरी बनाए रखें तथा विद्युत संबंधी किसी भी जोखिम की स्थिति में स्वयं उसे ठीक करने का प्रयास न करें। घर से बाहर निकलने से पहले मौसम की जानकारी प्राप्त करें और प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों एवं निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि सतर्कता और सावधानी ही वर्षा ऋतु में सुरक्षा का सबसे प्रभावी उपाय है। नागरिक किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित प्रशासनिक अथवा आपदा प्रबंधन अमले को सूचना दें और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा में भी सहयोग करें।

0 Views

Leave a Reply