एनएसएस का सात दिवसीय आवासीय शिविर संपन्न

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। हरदा डिग्री कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं हरदा स्कूल ऑफ एजुकेशन द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष आवासीय शिविर का समापन गोद ग्राम कनारदा में विविध गतिविधियों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण विकास के साथ-साथ स्वयंसेवकों में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना रहा। समापन दिवस की शुरुआत प्रात: प्रभात फेरी से हुई, जिसमें स्वयंसेवकों ने ग्राम भ्रमण कर स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता एवं सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया। इसके पश्चात श्रमदान कार्यक्रम अंतर्गत शिविरार्थियों ने परिसर की साफ-सफाई की तथा नाली निर्माण कार्य में सक्रिय सहयोग कर ग्राम विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिससे ग्रामवासियों में सकारात्मक संदेश गया। समापन सत्र में मुख्य अतिथि बघेल हॉस्पिटल के संचालक डॉ. विशाल सिंह बघेल ने स्वयंसेवकों को प्रेरक विचारों से मार्गदर्शन दिया। सीए शिरीष अग्रवाल ने स्वावलंबन पर अपने विचार रखे, जबकि कॉलेज संचालक डॉ. गिरीश सिंहल ने शिविरार्थियों को शुभकामनाएं प्रदान कीं। कार्यक्रम में जनपद सदस्य यशवंत पटेल, ग्राम सरपंच विवेक पटेल, प्राचार्य डॉ.अभिलाषा सिंहल, माध्यमिक शाला कनारदा के प्रधान पाठक बलराम जोशी, बीएड प्रभारी डॉ. सोनिया मोड सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। वक्ताओं ने नेतृत्व विकास, सामाजिक समरसता, अनुशासन एवं सामूहिकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने अपने अनुभव साझा किए। शिविर प्रतिवेदन कार्यक्रम अधिकारी प्रो.सतेंद्र सिंह परिहार द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा सभी ने शिविर से सीखी गई बातों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रो. सतेंद्र सिंह परिहार, डॉ. मनोरमा चौहान, सहायक प्राध्यापक नीरज गुर्जर, हरदा स्कूल ऑफ एजुकेशन के कार्यक्रम अधिकारी अकील मंसूरी, ग्राम पंचायत सचिव भूपेंद्र सोनी सहित बड़ी संख्या में शिविरार्थी स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कमल मादुलकर एवं श्रेया पाटनकर ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. मनोरमा चौहान द्वारा किया गया। दल नायक देवेंद्र ढाका सहित अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Views Today: 38

Total Views: 38

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!