दहेज के स्थान पर केवल श्रीफल लेकर पेश की अनोखी मिसाल

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-सामाजिक कुरीतियों पर कसी लगाम
अनोखा तीर, मगरधा।  समाज में बढ़ते दिखावे, अनावश्यक खर्च और दहेज जैसी कुरीतियों को रोकने की मंशा से नकवाडा निवासी चिरंजीव कृष्णकांत पिता महेश छापरे और निशानियां निवासी ऋतिका पिता अनिल बांके का विवाह पूर्ण सादगी, सामाजिक मर्यादाओं और समाज के नियमों का पालन करते हुए संपन्न हुआ। इस सादगीपूर्ण विवाह में समाज द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार डीजे और टीका प्रथा को पूर्णत: बंद रखा गया। दोनों परिवारों ने सामाजिक सुधार को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया, जिसकी क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
विवाह बना सामाजिक सेवा की प्रेरणा
विवाह के उपलक्ष्य में छापरे एवं बांके परिवार की ओर से सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं को दान भी प्रदान किया गया। श्री देवनारायण मंदिर रेवा आश्रम हंडिया को 5100, गुर्जर ग्राम विकास समिति नकवाडा को 5100, रामजानकी मंदिर समिति नकवाडा को 2100 रुपए। यह दान समाजसेवा की भावना को दर्शाता है और अन्य परिवारों के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करता है।
दहेज प्रथा के खिलाफ सशक्त संदेश
विवाह की सबसे उल्लेखनीय बात रही कि वर पक्ष ने दहेज में किसी भी प्रकार की राशि या सामग्री लेने से स्पष्ट इंकार कर दिया। छापरे परिवार ने केवल शगुन स्वरूप श्रीफल ग्रहण कर यह संदेश दिया कि विवाह जैसे पवित्र संस्कार को आर्थिक बोझ का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। उनका यह निर्णय दहेज प्रथा के खिलाफ समाज में सशक्त और सकारात्मक संदेश फैलाता है।
समाज में प्रशंसा की लहर
छापरे एवं बांके परिवार के इस आदर्श निर्णय की श्री भुआना प्रांतीय गुर्जर सभा हरदा के अध्यक्ष रामकृष्ण दुगाया और युवा सभा हरदा के अध्यक्ष संजय बिजगावने सहित महासभा के सदस्यों ने सार्वजनिक रूप से प्रशंसा की। सभा की ओर से कहा गया कि ऐसे परिवार समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत नींव रखते हैं और अन्य लोगों को भी प्रेरित करते हैं।
समाज के लिए उदाहरण बना यह विवाह
सादगी, नियमों का पालन, दहेज प्रथा का विरोध और सामाजिक-धार्मिक संस्थाओं को दान—इन सभी पहलुओं ने इस विवाह को आदर्श और अनुकरणीय बनाया है। क्षेत्र में इस विवाह की व्यापक चर्चा है और इसे समाज सुधार की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Views Today: 2

Total Views: 44

Leave a Reply

error: Content is protected !!