म.प्र. की सांस्कृतिक विरासत दिखेगी जीआईएस में

“अमृतस्य मध्यप्रदेश” नृत्य नाटिका में 100 से अधिक कलाकार देंगे आकर्षक प्रस्तुतियां

भोपाल : ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट भोपाल में निवेशकों, उद्योगपतियों और अतिथियों को प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत और समृद्ध संस्कृति को रेखांकित करने के लिए विशेष रूप से संयोजित ‘अमृतस्य मध्यप्रदेश’ नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जाएगी। प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, विविधता और पर्यटन स्थलों की खूबसूरती को प्रसिद्ध कोरियोग्राफर मैत्री पहाड़ी के निर्देशन में 100 से अधिक कलाकार अनूठे रूप में दिखाएंगे। इसके साथ ही प्रदेश के पारंपरिक और स्थानीय लोकनृत्य, मटकी नृत्य और करमा जनजातीय नृत्य आदि की प्रस्तुतियाँ विशेष आकर्षण होगी।

प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति एवं प्रबंध संचालक टूरिज्म बोर्ड शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि जीआईएस में अतिथियों को मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन स्थलों की संगीतमयी अनुभूति कराई जाएगी। उनके मध्यप्रदेश प्रवास के अनुभव को अविस्मरणीय बनाने के लिए कई मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। ये प्रयास प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने और निवेशकों को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

ताज लेक फ्रंट होटल में 23 फरवरी को शाम 6:30 बजे से बांसुरी, सरोद, सारंगी और जुगलबंदी जैसी संगीतमय प्रस्तुति दी जाएगी। समिट के पहले दिन 24 फरवरी को अंतर्राष्ट्रीय इंदिरा गांधी मानव संग्रहालय में सुबह 8 बजे से स्थानीय संस्कृति को प्रदर्शित करते लोक कला के दलों की प्रस्तुतियां होंगी। इसी दिन ओडीओपी मंच और मध्यप्रदेश पेविलियन में प्रदेश की सांस्कृतिक झलक भी देखने को मिलेगी। इसमें गोंड और भील जनजातियों की लोक संस्कृति एवं बुंदेलखंड व चंबल अंचल की विरासत का प्रदर्शन भी किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिये अतिथि निवेशकों को प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत को नजदीक से देखने का अवसर मिलेगा।

Views Today: 10

Total Views: 646

Leave a Reply

error: Content is protected !!