–राजीव सिंह बने पटवारी के पॉलीटिकल एडवाइजर, कामले संगठन महासचिव
अनोखा तीर, भोपाल : प्रदेश कांग्रेस में प्रवक्ताओं और पैनालिस्ट के मनोनयन पर उपजे विवाद के बीच संगठन और प्रशासन प्रभारी उपाध्यक्ष राजीव सिंह ने पद से हटने की इच्छा जताई है। राजीव सिंह ने अपने पत्र में नए लोगों को अवसर देने की बात कही है। सिंह 2008 से कांग्रेस संगठन और प्रशासन का प्रभार संभालते आ रहे हैं। डैमेज कंट्रोल के तहत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राजीव सिंह को पॉलीटिकल एडवाइजर बना दिया है। संजय कमले को संगठन महासचिव बनाया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को लिखे पत्र में राजीव सिंह ने कहा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद पर आपके नियुक्ति को एक वर्ष से अधिक समय हो गया है। आपकी नियुक्ति के बाद ही मैंने स्वयं आग्रह किया था कि मैं कई वर्षों से प्रदेश कांग्रेस कमेटी में प्रभारी संगठन एवं प्रभारी प्रशासन के पद पर कार्य कर रहा हूं। नये लोगों को अवसर मिलना चाहिए, यह मेरी मान्यता है। क्योंकि प्रदेश कांग्रेस कमेटी का गठन हो गया है। उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी होने के नाते राष्ट्रीय नेतृत्व एवं प्रदेश नेतृत्व द्वारा संगठन के संबंध में जो भी कार्य एवं दायित्व मुझे दिए जाएंगे, उनका निर्वहन मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी के साथ करता रहूंगा।
पत्र लिखने के पीछे की कहानी
कांग्रेस सूत्रों से मेरी जानकारी के अनुसार प्रदेश कांग्रेस ने 3 जनवरी को 40 प्रवक्ता और 8 पेनालिस्टों की सूची जारी की थी। जैसे ही सूची जारी की गई, उस पर इतना विवाद हो गया कि एक घंटे के भीतर ही सूची को स्थगित करना पड़ा। इन्हीं सूत्रों का कहना है कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मीडिया समन्वयक मुकेश नायक के कहने पर संगठन प्रभारी की हैसियत से राजीव सिंह ने प्रवक्ताओं की सूची जारी कर दी थी। इसमें एक नाम सिद्धार्थ राजावत का था, जिसे लेकर विवाद दिल्ली तक पहुंचा है। सिद्धार्थ राजावत को लेकर विवाद इसलिए है कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के कद्दावर नेता को लिखे पत्र में अनर्गल बातें लिखी थी। इस नाम को लेकर पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने पटवारी को फोन कर सख्त एतराज जताया था। विवाद बढ़ने पर जीतू पटवारी ने राजीव सिंह से नाराजगी जताई थी। इसी बात से खफा होकर सिंह ने संगठन प्रभारी और प्रशासन प्रभारी के पद से फटने की इच्छा जाहिर की है।
कामले को बनाया संगठन महासचिव
राजीव सिंह द्वारा पद से हटाने की इच्छा जाहिर करने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अपने खास सिपहसालार संजय कामले को संगठन महासचिव बना दिया है। वही गौरव रघुवंशी को प्रशासन का प्रभार दिया है। मृणाल पंत को एनएसयूआई प्रभारी बनाया है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ द्वारा निलंबित किए गए राजा बघेल को बहस करते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। बघेल को विधायकों से कोऑर्डिनेटर करने की जवाबदारी दी गई है। राजा बघेल नेता-प्रतिपक्ष के थिंक टैंक माने जाते हैं।
——————-





