–सनसिटी रिसोर्ट मालिक ने जेसीबी से तोड़ा था भवन
नितिन दत्ता, तामिया/छिंदवाड़ा। जो खानदानी रईस हैं वो मिजाज रखते हैं नर्म अपना, तुम्हारा लहजा बता रहा है, तुम्हारी दौलत नई-नई है। शबीना अदीब की ये पंक्तियां कुछ लोगों पर सटीक बैठती हैं, जो जरा सी धन दौलत पर घमंडी होकर अपनी ताकत दिखाने लगते हंै। तामिया सनसिटी रिजॉर्ट के मालिक अविनाश उर्फ गोल्डी पर तामिया पुलिस ने सरकारी संपत्ति खुर्दबुर्द करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। सनसिटी रिसार्ट को रेस्ट हाउस मार्ग से सीधे जोड़ने बीते 26 नवंबर को अविनाश उर्फ गोल्डी डेहरिया ने लोकनिर्माण विभाग के शासकीय आवास को जेसीबी से तुड़वा कर पूरी सामाग्री चोरी कर ली। दबंगई दिखाकर की गई इस घटना के खिलाफ पीडब्लूडी के प्रभारी एसडीओ रोहित साहू ने तामिया थाना प्रभारी को सूचना दी। पीडब्लूडी के ड्राफ्टमैन सोहनलाल मर्सकोले की रिपोर्ट पर अविनाश उर्फ गोल्डी डेहरिया पिता हरिराम डेहरिया पर तामिया पुलिस थाने में बीएनएस की धारा 331 (4), 305 (ए) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है।

न्यायालय में प्रकरण के बाद मिली थी भूमि वहां बनाया रिसार्ट
तामिया में पुस्तैनी भूमि के न्यायालय में चल रहे प्रकरण में फैसला होने के बाद शासकीय भूमि का कब्जा हरिराम डेहरिया को मिला था। तामिया के ब्लाक कालोनी में पुराना परियोजना अधिकारी बंगला, जलसंसाधन एसडीओ आवास कार्यालय सहित अन्य भवन के पास मालिकाना हक मिलने के बाद उस पर कब्जा मिला था। उसी भूमि पर सनसिटी रिसार्ट बनाया गया साथ ही पीओ बंगला भवन पर भी कब्जा जमा हुआ है। उपयंत्री केके कुम्हार ने बताया कि रिसार्ट के सामने सीधी रोड बनाने के लिए रंगदारी दिखाकर गोल्डी डेहरिया ने जेसीबी लगाकर सरकारी भवन ढहा दिया। उस के बाद सामाग्री सब चुरा कर ले गए, चोरी गई सामाग्री भी आसपास में छिपाए जाने की जानकारी सामने आई है। मामला सामने आने के बाद अब परियोजना, जलसंसाधन, राजस्व और अन्य विभाग के अधिकारी भी भूमि से जुड़े दस्तावेजो की जांच में जुटे है। वही सरकारी भवन ढहाने में इस्तेमाल की गई जेसीबी की तलाश की जा रही है। तामिया में सरकारी भवन को गिराने के माममें आरोपी गोल्डी फरार है, वहीं टीआई विजय सिंह ठाकुर ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
एसडीओ ने लिया संज्ञान
कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग उपसंभाग तामिया के एसडीओ रोहित साहू ने थाना प्रभारी पुलिस थाना तामिया को पत्राचार में बताया कि लोक निर्माण विभाग उपसंभाग तामिया के अंतर्गत शासकीय भवन को बिना सूचना एवं बिना अनुमति तोड़कर शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर कार्यवाही करने पत्र दिया। उपसंभाग तामिया के अन्तर्गत रेस्ट हाउस तामिया के समीप लोक निर्माण विभाग के अधीन शासकीय भवन एवं स्टोर भवन है जिसमे लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, कर्मचारी निवासरत है एवं स्टोर भवन का उपयोग चौकीदार के रहने एवं सामग्री के भंडार हेतु किया जाता है।
मामला दर्ज, आरोपी फरार
तामिया पुलिस थाने में बीएनएस की धारा 331 (4), 305(ए) के तहत अविनाश उर्फ गोल्डी पिता हरिराम डेहरिया 35 वर्ष निवासी ब्लाक कालोनी तामिया पर प्रकरण दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है। टीआई विजय सिंह ठाकुर ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
Views Today: 2
Total Views: 374

