Skip to content
Thursday, 29 October 2026
हरदा

सिनर्जी उड़ान फैलोशिप

2 min read
Text Size:

–नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बालिका शिक्षा पर दिया जोर

अनोखा तीर, हरदा। सिनर्जी के नेतृत्व में संचालित उड़ान फैलोशिप टीम द्वारा जिले के अलग-अलग 6 स्थानों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बालिका शिक्षा पर जोर दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय में बालिका शिक्षा और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना था। उड़ान फैलोशिप का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की किशोरियों को सशक्त करना और उन्हें समाज में नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए तैयार करना है। इस फैलोशिप के अंतर्गत बालिकाएं विभिन्न कार्यशालाओं, परियोजनाओं और सामुदायिक कार्यक्रमों के माध्यम से आत्मनिर्भरता और सामुदायिक विकास के लिए प्रेरित होती हैं। बालिका शिक्षा और मानसिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता फैलाने का यह प्रयास भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था। उड़ान टीम ने इस पहल पर अपने विचार साझा करते हुए कहा हमारे फैलो न केवल अपनी व्यक्तिगत यात्रा पर हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए भी काम कर रही हैं। यह नुक्कड़ नाटक सिर्फ एक प्रस्तुति नहीं है, बल्कि बालिकाओं द्वारा अपने समुदाय को जागरूक करने का एक सशक्त प्रयास है। मानसिक स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे मुद्दे हमारे समाज में अक्सर अनदेखे रह जाते हैं, और यह पहल लोगों को इन पर सोचने के लिए प्रेरित करती है। हमें गर्व है कि हमारी फेलो इतने बड़े सामाजिक मुद्दों पर बात कर रही हैं और बदलाव की दिशा में काम कर रही हैं। नाटक के बाद, प्रतिभागियों ने स्थानीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की और मानसिक स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इस बातचीत में उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से समुदाय के लिए मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और लड़कियों की शिक्षा के लिए विशेष योजनाओं पर जोर दिया और अपने सवाल भी किए। इस जागरूकता अभियान का नेतृत्व उड़ान बैच 8 की प्रतिभागियों गोंदा, निशा, नेहा, अलवीरा, समरीन, दीपिका, सुलोचना, नंदिनी, निकिता, सीमा, राजनंदनी, पूजा, प्राची, सोनम, रजनी, कशिश, अभिंतता, सलोनी, सुनीता, शिवानी, सलोनी तिवारी और विशाखा ने किया।

259 Views
What do you think?

Leave a Reply