महिला के लापता होने की शंका में युवक के पिता की हत्या, भाई व रिश्तेदारों ने हॉकी व चाकू से हमला कर ली जान

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर रतलाम/कालूखेड़ा:-महिला के लापता होने की शंका में कालूखेड़ा-कंसेर मार्ग पर एक युवक के बुजुर्ग पिता की महिला के भाई व रिश्तेदारों ने हॉकी व चाकू से हमला कर हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार ग्राम कांडरवासा निवासी 27 वर्षीय महिला कुछ समय से ग्राम कंसेर स्थित अपने मायके में रही थी। दो दिन पहले वह लापता हो गई। उसके स्वजन ने 28 मई को कालूखेड़ा थाने पर उसकी गुमशुदगी कराई थी।

उसके स्वजन को शंका थी कि गांव के ही किसान 70 वर्षीय मांगीलाल जाट पुत्र मेघाजी जाट निवासी ग्राम कंसेर का छोटा पुत्र 28 वर्षीय बकंट जाट उर्फ बंटू महिला को अपने साथ कहीं ले गया है। मामले में मांगीलाल को कालूखेड़ा थाने पर बुलाया गया था। वे बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे थाने गए थे और कुछ देर बाद बाइक पर गांव के समरथ भूरिया के साथ वापस घर लौट रहे थे।

तभी कालूखेड़ा से एक किलोमीटर दूर कृषि विज्ञान केंद्र के पास महिला के भाई आरोपित दशरथ दास बैरागी व दो अन्य रिश्तेदारों ने रोककर मांगीलाल जाट पर हमला कर दिया। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें कालूखेड़ा थाने तथा वहां से जावरा के सरकारी अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद मांगीलाल को मेडिकल काॅलेज रेफर किया गया। दोपहर में उन्हें मेडिकल कालेज लाया गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। डाॅक्टर ने परीक्षण कर उन्हें मृत घोषित किया। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप दिया।

बड़ा बेटा पहुंचा तब तक भाग गए थे हमलावर

मांगीलाल के पुत्र मोहनलाल जाट ने बताया कि महिला के लापता होने पर उसके स्वजन मेरे छोटे भाई बकंट पर शंका कर रहे थे। थाने से लौटते समय महिला के भाई आरोपित दशरथदास बैरागी निवासी ग्राम कंसेर, उसकी बुआ के पुत्र दशरथ बैरागी निवासी ग्राम भाटखेड़ी व ममेरे भाई ईश्वरदास बैरागी उर्फ राजू बैरागी निवासी ग्राम कंसेर ने रास्ते में बाइक रुकवाकर पिता को नीचे उतारा तथा विवाद कर लाठी व चाकू से हमला कर जमकर मारपीट की।

कुछ देर में समरथ ने घर आकर बताया कि तुम्हारे पिता को मार रहे हैं। वे तथा अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो पिता लहुलूहान पड़े हुए थे तथा आरोपित भाग निकले। मोहनलाल ने बताया कि छोटा भाई बकंट उनके संपर्क में भी नहीं है।

आरोपितों को किया राउंडअप

पुलिस के अनुसार पहले आरोपित दशरथदास बैरागी कंसेर, दशरथ बैरागी भाटखेड़ी व ईश्वरदास बैरागी के खिलाफ धारा 307 में जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया गया था। मांगीलाल की मृत्यु होने के बाद मामले में धारा 302 लगाई गई है। थाना प्रभारी संतोष चौरसिया ने बताया कि आरोपित को राउंडअप कर लिया गया है, शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Views Today: 6

Total Views: 410

Leave a Reply

error: Content is protected !!