Skip to content
Saturday, 31 October 2026
हरदा

कलेक्टर ने उपार्जन केन्द्र और मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण

3 min read
Text Size:

 

अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर आदित्य सिंह ने गुरूवार को जिले के खिरकिया व सिराली तहसील के क्षेत्र के ग्रामों का दौरा कर मतदान केन्द्रों व उपार्जन केन्द्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सुल्तानपुर, सिराली, दीपगांव कला, खुदिया, जूनापानी, चिकलपाट, मोरगढ़ी, भंवरदी गांवों का दौरा किया। सुल्तानपुर वेयरहाउस के निरीक्षण के दौरान उन्होंने फसल बेचने आये गहाल के किसानों से चर्चा कर उपार्जन व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने मोरगढ़ी में स्थैतिक निगरानी दल के लिए बनाए चेकपोस्ट का निरीक्षण किया और ग्राम पड़वा के उपार्जन केन्द्र व खिरकिया मण्डी की व्यवस्थाएं भी देखी।

उपार्जन केन्द्रों पर मजदूरों की संख्या बढ़ाएं

निरीक्षण के दौरान ग्राम दीपगांव के उपार्जन केन्द्र में कलेक्टर श्री सिंह ने मजदूरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होने ग्राम खुदिया में उपार्जन केन्द्र के निरीक्षण के दौरान सर्वेयर उपस्थित नही होने पर नाराजगी व्यक्त की। ग्राम खुदिया के में बनाए मतदान केन्द्र का निरीक्षण कर उपस्थित शिक्षकों से स्कूल में बच्चों के प्रवेश के संबंध में जानकारी ली और पंचायत सचिव व जीआरएस को स्कूल परिसर में साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।

उपार्जन केन्द्रों में निर्धारित समय पर खरीदी शुरू करें

दीपगांवकला के स्कूल में बनाए मतदान केन्द्र को भी कलेक्टर श्री सिंह ने देखा तथा उपस्थित शिक्षकों को निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी केन्द्र में पांच वर्ष से अधिक आयु के दर्ज बच्चों को शाला में प्रवेश दिलाने की व्यवस्था करें। दीपगांवकला के उपार्जन केन्द्र में उन्होने खरीदे गए गेहूं की बोरियों की सिलाई का कार्य और बोरियों को शिफ्ट करने के कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को सभी उपार्जन केन्द्रों पर खरीदी का कार्य निर्धारित समय पर शुरू करने के लिए कहा ताकि किसानों को ज्यादा इंतजार न करना पड़े। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए उन्होने उपार्जन केन्द्रों पर छांव और पेयजल की व्यवस्था के लिए भी कहा।

सिराली मण्डी में अतिरिक्त शौचालय बनाने के निर्देश 

कलेक्टर श्री सिंह ने बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिराली के मतदान केन्द्र का भी निरीक्षण किया। उन्होने सिराली कृषि उपज मण्डी की व्यवस्थाएं भी देखीं और किसानों के लिए अतिरिक्त शौचालय भवन निर्मित कराने तथा रियायती दर पर किसानों के लिए स्वसहायता समूहों के माध्यम से भोजन व्यवस्था कराने के निर्देश मण्डी सचिव और मुख्य नगर पालिका अधिकारी सिराली को दिये। ग्राम पंचायत जूनापानी और चिकलपाट के मतदान केन्द्र का भी कलेक्टर श्री सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए मतदान केन्द्र के बाहर मतदान के दिन शेड लगवाने तथा बेहतर पेयजल व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिए।

354 Views
What do you think?

Leave a Reply