Skip to content
Sunday, 1 November 2026
हरदा

उत्कृष्ट छात्रावास की बालिकाओं पर असामाजिक तत्वों का खतरा

3 min read
Text Size:

 हरदा में उत्कृष्ट विद्यालय के पीछे बालिका छात्रावास के ठीक समीप खेल पिच बनाने का काम तेजी पर है। इसके बनने से बालिका छात्रावास की शांति तो भंग होगी ही साथ में रहवासी छात्राओं पर असामाजिक तत्वों का खतरा भी बढ़ गया है।

प्रशांत शर्मा, हरदा। हरदा में उत्कृष्ट विद्यालय के पीछे बालिका छात्रावास के ठीक समीप खेल पिच बनाने का काम तेजी पर है। इसके बनने से संवेदनशील क्षेत्र बालिका छात्रावास की शांति तो भंग होगी ही साथ में रहवासी छात्राओं पर असामाजिक तत्वों का खतरा भी बढ़ गया है। इस बारे संबंधित विभागीय अधिकारियों को अवगत कराए जाने के बावजूद पिच निर्माण का कार्य निरंतर जारी है। जानकारी के अनुसार गत 13 मार्च को यहां चल रहे निर्माण की गतिविधियों का लाभ उठाकर दिन के समय एक असामाजिक तत्व निर्माणाधीन पिच के पास बनी बाउंड्री-वाल को लांघकर छात्रावास परिसर में प्रवेश कर गया था। इसे देखकर रहवासी छात्राओं के हंगामा मचाने पर वह वापस भाग गया। मगर बाउंड्रीवाल की तार फेंसिंग में उसकी जैकेट फंस कर परिसर में गिर गई। इसे छात्रावास में जप्त कर रखा गया है। इसी प्रकार अन्य दिन भी एक लड़के ने यहां अवैध प्रवेश कर लिया था। किंतु पकड़े जाने पर उससे माफीनामा लिखवा कर छोड़ दिया गया। इस तरह यहां आए दिन हो रही घटनाओं के चलते रहवासी छात्राएं और स्टाफ खौफ में हैं।

पिच बनने पर क्या होगा

अभी यहां पिच का निर्माण होने दौरान असामाजिक तत्व दिन में ही छात्रावास परिसर में अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिशें कर रहे हैं। पिच निर्माण के बाद यहां रात्रि में भी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इससे छात्रावास की शांति भंग होने के साथ छात्राओं की पढ़ाई में खलल होगा। वहीं रात्रि में यदि कोई मवाली प्रवेश कर गया था छात्राओं को निजी नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहेगी। इस कारण यहां रहने वाली बालिकाएं खौफ में जी रही हैं।

शिकायत की मगर बेनतीजा

बताया जाता है कि इन घटनाओं के चलते इस माह विभागीय अधिकारियों को शिकायत कर जिला कलेक्टर कार्यालय में भी प्रतिलिपि भेजी गई। शिकायत बेनतीजा होने पर निराश संजना उईके, सोनाली इवने, दुर्गा कुशवाह, सावित्री भुसारे, राखी प्रजापति, युक्ति यादव, सिया बधानिया, प्रीति कलम, सलोनी देवड़ा, अंजली चावला, गरिमा काजले आदि छात्राओं ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम एक पत्र लिखकर भेजा है। किंतु अब तक कोई कार्रवाई किसी भी स्तर से न होने के कारण बालिकाएं निराश हैं।

इनका कहना है…

हां मेरे पास छात्राओं की ओर से एक दो शिकायतें आई हैं। इन्हें हमने उच्चाधिकारियों को भेजकर उनसे आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

– डॉ. सरिता तोमर, प्रभारी प्राचार्य उत्कृष्ट स्कूल

291 Views
What do you think?

Leave a Reply