Skip to content
Friday, 30 October 2026
उज्जैन

उज्जैन जिले के बड़नगर में एएसआइ से तीन बदमाशों ने छीनी पिस्टल, पुलिस ने किया गिरफ्तार

3 min read
Text Size:

अनोखा तीर बड़नगर/उज्जैन:-बड़नगर में बुधवार रात ढाबे पर खाना खाने जा रहे एएसआइ को तीन बदमाशों ने मदद के बहाने हाथ देकर रोक लिया। इसके बाद तीनों ने एएसआइ से उसकी सर्विस पिस्टल छीन ली। जिस पर एएसआइ ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस ने रात में ही घेराबंदी कर तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों से पिस्टल बरामद कर ली गई। तीनों आरोपित भागने के दौरान गिरकर घायल हो गए। तीनों के खिलाफ पुलिस रासुका के तहत कार्रवाई कर रही है।

उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि बड़नगर थाने में पदस्थ एएसआइ गोवर्धनदास बैरागी बुधवार रात को ड्यूटी पर जाने से पहले खाना खाने के लिए ढाबे पर जा रहे थे। उसी दौरान धाकड़ किराना दुकान के समीप तीन व्यक्ति एक बाइक लेकर सड़क किनारे खडे थे। तीनों ने बैरागी को हाथ देकर मदद के बहाने रोक लिया। एएसआइ बैरागी ने जैसे ही बाइक रोकी तीनों ने उनके साथ मारपीट कर सर्विस पिस्टल मय कारतूस छीन ली और वहां से भाग निकले।

जिसके बाद एएसआइ बैरागी ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने कन्या स्कूल जाफला रोड पर घेराबंदी कर तीनों आरोपित संजय उर्फ सुनील उर्फ टारजन पुत्र शोभाराम कीर उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम मिंडका भाटपचलाना, अभिषेक पुत्र तेजूसिंह पंवार उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम जाफला, अजय पुत्र सुभाष विश्वकर्मा उम्र 29 वर्ष निवासी ग्राम ढोलाना बदनावर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस से बचने के दौरान तीनों आरोपित गिरकर घायल हो गए। एक आरोपित की पैर की हड्डी टूटी, वहीं दो आरोपितों के हाथों की हड्डी टूट गई। आरोपितों को पकड़ने के दौरान टीआइ मनीष दुबे भी घायल हो गए। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से पिस्टल व पांच कारतूस बरामद कर लिए।

पेट्रोल पंप पर काम करते हैं तीनों आरोपित

पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपित पेट्रोल पंप पर काम करते हैं। तीनों ढाबे पर खाना खाने के लिए गए थे। जहां इन्होंने शराब भी पी थी। इसके बाद तीनों ने वारदातों को अंजाम दिया था। तीनों वारदात के बाद स्कूल में जाकर छुप गए और सो गए थे। आरोपित टारजन के खिलाफ मारपीट के दो तथा अजय के खिलाफ आर्म्स एक्ट का एक केस दर्ज है।

आरोपितों पर रासुका की कार्रवाई

 

एसपी शर्मा ने बताया कि तीनों आरोपितों ने पुलिसकर्मी पर हमला कर उससे पिस्टल छीनी है। उस दौरान पुलिसकर्मी वर्दी में था। यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा है। इसलिए तीनों के खिलाफ रासुका के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।

दो दिन में पुलिस पर हमले की दूसरी वारदात

पुलिस पर हमले की यह दो दिन में दूसरी वारदात है। मंगलवार को नीलगंगा थाने के प्रधान आरक्षक राहुल कुशवाह के साथ आरटीओ कार्यालय के समीप पंकज माहेश्वरी नामक युवक ने मारपीट की थी। नाक में चोट आने पर कुशवाह को अस्पताल में भर्ती किया गया था।

160 Views
What do you think?

Leave a Reply