Skip to content
Friday, 30 October 2026
उज्जैन

महिला को भगाकर ले जाने वाले युवक को खौफनाक सजा, पेड़ से बांधकर पिटाई की, पेशाब पिलाई

3 min read
Text Size:

अनोखा तीर उज्‍जैन:-भाटपचलाना क्षेत्र में बंजारा समाज के एक युवक के साथ अमानवीय घटना हुई। युवक को उसी के समाज की विवाहित महिला से प्यार होने पर समाज के ठेकेदारों ने दोनों को सबके सामने अपमानित किया। युवक को जूते-चप्पल की माला पहनाई और मूत्र पिलाया।

यह घटना घट्टिया के भाटपचलाना क्षेत्र का है। यहां एक युवक को दो बच्चों की मां के साथ प्रेम हो गया। महिला को भी उस युवक से प्रेम हो गया। इस प्रेम प्रसंग के चलते महिला अपने बच्चों और ससुराल वालों को छोड़कर युवक के साथ राजस्थान भाग गई। महिला के ससुराल वालों को जब महिला के उक्त युवक के साथ भागने की खबर चली तो उन्होंने युवक और महिलाओं को ढूंढना शुरू कर दिया। राजस्थान में दोनों के होने की जानकारी मिलने पर दोनों को राजस्थान से पकड़कर भाटपचलाना लेकर आए।

दोनों बंजारा समाज के बताए जा रहे हैं। यहां समाज के ठेकेदारों ने युवक को पकड़कर पेड़ से बांध दिया। उसे जूते-चप्पल की माला पहनाई गई। सबने उसके मुंह से उसका और उसके परिवार वालों को नाम पूछते हुए उसके मुंह में जबर्दस्ती जूते भी ठुंसे। युवक जिस महिला से प्रेम करता था, उसी महिला से युवक को चप्पल से पिटाई करवाई गई। इसके बावजूद समाज के ठेकेदार रूके नहीं।

चेहरे को बदसूरत किया

युवक को अपमानित करने की हदें पार करते हुए उसकी आधी मूंछ काट दी और सिर के बालों पर भी उलटा सीधा उस्तरा फेरते हुए उसके चेहरे को बदसूरत किया गया। इसके बाद सबने युवक को जबर्दस्ती मूत्र भी पिलाया। इस हरकत का वीडियो भी बनाया गया। इतना सब करते हुए समाज के कई लोग हंसते गाते हुए युवक व महिला को चिड़ाते हुए अपमानित भी कर रहे थे। साथ ही समाज के बच्चे भी इस घटना में भागीदार बने।

युवक ने इस दौरान बताया कि वह भीलखेड़ा का रहने वाला है। पिता, दादा, परदाता के साथ नाना का अता पता भी पूछा जा रहा था। समाज के लोगों ने महिला से युवक के गाल पर भी पिटाई लगवाई और महिला को भी चांटें मारे।

पुलिस को नहीं मिली शिकायत

बंजारा समाज के वरिष्ठों द्वारा की गई ऐसी हरकत के बाद समाज के अंदर ही इस घटना की निंदा भी शुरू हो गई। समाज के कई पढ़े-लिखे लोगों ने इस मामले में पुलिस में शिकायत की बात कही। चूंकि मामला एक ही समाज का है। इसलिए आपस में ही समाधान की बात भी कही जा रही है। इस संबंध में पुलिस को अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। फिर भी पुलिस इस मामले में जानकारी निकालेगी।

177 Views
What do you think?

Leave a Reply