Skip to content
Saturday, 31 October 2026
हरदा

कलेक्टर व एसपी ने नर्मदा पंचकोशी यात्रा की व्यवस्थाएं देखीं

2 min read
Text Size:

 

अनोखा तीर, हरदा। नर्मदा पंचकोशी यात्रा बुधवार को प्रारम्भ हो गई। यात्रा में शामिल श्रृद्धालुओं की सुविधाओं के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई है। बुधवार को कलेक्टर आदित्य सिंह व पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे ने जलोदा पहुंचकर नर्मदा तट पर तीर्थ यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाएं देखीं। इस दौरान एसडीएम टिमरनी महेश बड़ोले व अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। कलेक्टर श्री सिंह ने जलोदा में होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेण्ट मयंक जैन को निर्देश दिए कि यात्रियों को लाने ले जाने वाली नावों में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही श्रृद्धालुओं को बैठाएं। उन्होने नर्मदा तट पर किसी भी दुर्घटना की आशंका को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में गोताखोर व तैराक तथा एसडीईआरएफ के जवान तैनात करने के लिए भी कहा। कलेक्टर श्री सिंह ने पंचकोशी यात्रा मार्ग पर कंट्रोल रूम, खोया पाया केन्द्र, उद्घोषणा कक्ष तथा अस्थाई स्वास्थ्य केन्द्र की व्यवस्था के संबंध में भी एसडीएम श्री बड़ोले को निर्देश दिए। उन्होंने नर्मदा तट पर रात्रि में प्रकाश व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में हेलोजन बल्व लगाने के निर्देश भी उपस्थित अधिकारियों को दिए। जलोदा के बाद कलेक्टर श्री सिंह व पुलिस अधीक्षक श्री चौकसे ग्राम सुरजना, गोयत होते हुए हंडिया पहुंचे। हंडिया में कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने नर्मदा घाट पर की गई सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और तहसीलदार को घाट पर होमगार्ड के जवानों के साथ-साथ कोटवारों की तैनाती के संबंध में भी निर्देश दिए। उन्होंने नर्मदा तट पर साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बड़ी संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती के संबंध में भी तहसीलदार हंडिया को निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह व पुलिस अधीक्षक श्री चौकसे ने उंचान घाट पहुंचकर वहां नर्मदा तट पर तीर्थ यात्रियों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाएं भी देखीं।

298 Views
What do you think?

Leave a Reply