Skip to content
Friday, 30 October 2026
उज्जैन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 26 फरवरी को करेंगे उज्जैन, इंदौर सहित 11 रेलवे स्टेशनों का वर्चुअली भूमिपूजन

3 min read
Text Size:

अनोखा तीर उज्जैन:- रेलवे स्टेशन भी एयरपोर्ट की तरह जल्द ही भव्य नजर आएगा। 26 फरवरी को उज्जैन, इंदौर, नागदा, खाचरौद सहित रतलाम मंडल के 11 रेलवे स्टेशनों का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअली भूमिपूजन करेंगे। स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर आठ पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। श्री महाकाल महालोक बनने के बाद उज्जैन में यात्रियों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है।

रेलवे प्रशासन ने स्टेशन के कायाकल्प की योजना तैयार की है। करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले उज्जैन रेलवे स्टेशन का विकास पूरी तरह से हवाई अड्डे की तर्ज पर किया जाएगा। इससे भव्य नजर आने के साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधाएं भी मिलेंगी।

उज्जैन स्टेशन पर यात्रियों को अच्छा वातावरण देने के अलावा रेस्टोरेंट, शापिंग माल, रेस्ट हाउस बनाया जाएगा। प्लेटफार्म पर महाकालेश्वर मंदिर का प्रसाद, दान काउंटर, सुविधा केंद्र, उज्जैन के प्रसिद्ध कंकु-मेहंदी, नमकीन, भैरवगढ़ प्रिंट के स्टाल लगाए जाएंगे।

शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर आठ पर किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के अलावा अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि पीएम नरेन्द्र मोदी 26 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजकर 20 मिनट पर जुडेंगे। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि पीएम मोदी उज्जैन के अलावा इंदौर, सीहोर, मक्सी, नागदा, खाचरौद, मंदसौर, नीमच, दाहोद, शाजापुर, लिमखेड़ा स्टेशनों की आधारशिला रखेंगे।

ये सुविधाएं भी मिलेंगी

– यात्री सुविधाओं के साथ रिटेल, कैफेटेरिया, मनोरंजन सुविधा के लिए विशाल रूफ प्लाजा होगा।

– शहर के दोनों किनारों पुराने शहर व फ्रीगंज को रेलवे ट्रैक के दोनों ओर स्टेशन भवनों के साथ स्टेशन से जोड़ा जाएगा।

– फूड कोर्ट, वेटिंग लाउंज, बच्चों के खेलने की जगह, स्थानीय उत्पादों के लिए जगह आदि सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

– स्टेशन को आरामदायक, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के अलावा लिफ्ट, एस्कलेटर लगाए जाएंगे।

– पर्याप्त पार्किंग सुविधाओं के साथ यातायात के सुचारु संचालन के लिए मास्टर प्लान तैयार किया गया है।

– ग्रीन बिल्डिंग तकनीक का उपयोग किया जाएगा।

– दिव्यांगजन को अनुकूल सुविधाएं देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

 आगमन, प्रस्थान का पृथक्करण करने के साथ ही सभी सुविधाओं से लैस प्लेटफार्म बनाए जाएंगे।

– सीसीटीवी कैमरों के लिए अलग कमांड और कंट्रोल रूम बनाया जाएगा।

– वर्षा जल का संचयन, अपशिष्ट जल का पुन: उपयोग करने के लिए रिसाइकल किया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 26 फरवरी को उज्जैन, इंदौर सहित रतलाम मंडल के 11 रेलवे स्टेशनों की वर्चुअली आधारशिला रखेंगे। उज्जैन रेलवे स्टेशन के आठ नंबर प्लेटफार्म पर कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। – खेमराज मीना, जनसंपर्क अधिकारी रतलाम मंडल

145 Views
What do you think?

Leave a Reply