अनोखा तीर, हरदा। युवाओं को समाज एवं राष्ट्र के लिए कार्य करने की आवश्यकता है। उक्त बातें पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल ने हरदा डिग्री कॉलेज में आयोजित वार्षिक उत्सव में कही। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत माता की सेवा एवं रक्षा ही हमारे जीवन का उद्देश्य होना चाहिए। देश की युवा पीढ़ी परिवर्तन की परिचायक है। भारत विश्व गुरु बनने की ओर प्रगतिशील हैं। हमारा कार्य भारत का गौरव बढ़ाने के लिए होना चाहिए। वार्षिक उत्सव कार्यक्रम विगत दिनों से महाविद्यालय में संचालित खेल गतिविधियों एवं एवं रंगारंग कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। जहां संपूर्ण भारत वर्ष भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव मना रहा हैं, उसी तारतम्य में सामाजिक समरसता को प्रदर्शित करते हुए महाविद्यालय के सांस्कृतिक कलाकारों ने मंचीय प्रस्तुतियों से समां बांधा। भव्य एवं सुंदर आयोजन में अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री कमल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, पूर्व प्राचार्य एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ.प्रभुशंकर शुक्ल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शनसिंह गहलोत, महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ.गिरीश सिंहल, डॉ.अभिलाषा सिंहल, प्राचार्य डॉ. आरके पाटिल मंच पर शोभायमान रहे। गरिमामयी कार्यक्रम का शुभारंभ वीणा वादिनी के समक्ष अतिथियों ने दीप प्रज्वलित करके किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में भारत वर्ष की विभिन्न संस्कृतियों की झलक देखने को मिली। इसमें राजस्थानी नृत्य पधारो म्हारा देश से कार्यक्रम का आगाज़ हुआ। जिसे साक्षी, रूपल व साथियों द्वारा प्रस्तुत किया गया। पंजाब का भांगड़ा जब नीलेश, सौरभ, आर्यन व साथियों द्वारा प्रस्तुत किया तो सभी के पैर थिरकने लगे। इस भांगड़े में हमने वीर सैनानी भगत सिंह को भी याद किया। भारतीय संस्कृति की एक और झलक गुजराती गरबे के रूप में रितिका, नमामि व साथियों ने प्रस्तुत की एवं खूब वाहवाही लूटी। कुछ रीमिक्स गानों पर जनरेशन एक्स ग्रुप द्वारा ऊर्जा भरी प्रस्तुति से समाँ बांध दिया। इन्ही प्रस्तुतियों के बीच आस्था के शिखर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम पर आधारित नृत्य ने पूरा वातावरण राममय कर दिया। जब अप्सरा अली के गीत पर मराठी नृत्य की प्रस्तुति हर्षिता, प्रिया व साथियों ने दी सभी की खूब तालियां बंटोरी। भगवान राम की महिमा के बाद महाविद्यालय की खुशी अजमेरा, प्रीति, कशिश व साथी कलाकारों द्वारा कृष्णलीला को प्रस्तुत किया गया। सभी गु्रप डांस की कोरियोग्राफी महाविद्यालय के टीचर्स सत्येंद्र सिंह परिहार, शिखा मुकाती, सद्दाम सर, अंजली अग्रवाल, दिव्या हाषाणी, सरिता शर्मा अभिलाषा टांक, नीरज सर ने की। कार्यक्रम का संचालन प्राध्यापक कपिल दुबे, अदिति व ज्योति ने किया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के उपप्राचार्य गणेश श्रीवास्तव, श्रीमती सोनिया मोढ़ के साथ संपूर्ण स्टॉफ उपस्थित रहा।
Views Today: 2
Total Views: 58