सरकार की योजनाओं से ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार : सांसद उइके

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। जनकल्याण की प्रमुख योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए भारत सरकार द्वारा प्रारम्भ की गई विकसित भारत संकल्प यात्रा बुधवार को ग्राम ऊवां, सांवलखेड़ा व कड़ोलाराघौ पहुंची। ग्राम ऊवां में सांसद दुर्गादास उइके और जिला पंचायत के सीईओ रोहित सिसोनिया के साथ-साथ संयुक्त कलेक्टर केसी परते भी विकसित भारत संकल्प यात्रा में शामिल हुए। सांसद श्री उइके ने इस अवसर पर ग्रामीणों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में केन्द्र सरकार द्वारा प्रारम्भ जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों गरीब परिवारों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। गत 9 वर्षों में करोड़ों गरीब परिवारों को पक्का मकान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिला है। करोड़ों परिवारों को नि:शुल्क गैस कनेक्शन और स्वच्छ शौचालय की सौंगात मिली है। देश के करोड़ों बेरोजगार नागरिकों को मुद्रा योजना व अन्य रोजगारमूलक योजनाओं में ऋण व अनुदान की सुविधा मिलने से उनके परिवार के आर्थिक स्तर में क्रांतिकारी बदलाव आया है। ग्राम सांवलखेड़ा व कड़ोलाराघौ में कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों को प्राकृतिक खेती के बारे में समझाया गया। साथ ही किसानों को सॉइल हेल्थ कार्ड वितरित किए। इस दौरान ग्राम सांवलखेड़ा व कड़ोलाराघौ में किसानों के समक्ष ड्रोन से नेनो यूरिया छिड़काव की प्रक्रिया के बारे में भी समझाया गया। ग्राम सांवलखेड़ा में जिला पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र शाह ने उन्नत किसानों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री शाह ने ग्राम कड़ोलाराघौ में विद्यार्थियों के बीच हुई प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार व प्रमाण-पत्र प्रदान किए और उपस्थित ग्रामीणों को विकसित भारत के संबंध में शपथ दिलाई। इसके अलावा गांव के उन्नतशील किसान अवध हीरे ने प्राकृतिक खेती के लाभ के बारे में उपस्थित ग्रामीणों को जानकारी दी और अपनी सफलता की कहानी सुनाई।

79 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!