Skip to content
Friday, 30 October 2026
मध्य प्रदेश

रेलवे स्टेशन के नवनिर्माण को मिलेगी गति, समस्याओं पर रिपोर्ट तैयार

2 min read
Text Size:

इंदौर। रेलवे स्टेशन के नवनिर्माण और लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन के बाणगंगा की तरफ विस्तार की योजना आने वाले समय में गति पकड़ सकती है। इन दोनों प्रोजेक्ट में आने वाली तकनीकी समस्याओं की समीक्षा के लिए रेलवे के मेंबर इंफ्रास्ट्रक्चर आरएस सुनकर इंदौर पहुंचे। उन्होंने सांसद शंकर लालवानी और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नवनिर्माण प्रोजेक्ट क्षेत्र का निरीक्षण किया।

इंदौर रेलवे स्टेशन के नवनिर्माण का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड के पास लंबे समय से लंबित है। इसके नवनिर्माण में कुछ तकनीकी समस्याएं आ रही हैं। इसे लेकर विगत दिनों सांसद शंकर लालवानी ने रेल मंत्री वैष्णव से मुलाकात कर इंदौर के रेल प्रोजेक्ट में गति लाने का निवेदन किया था। रेल मंत्री के निर्देश पर रेलवे के मेंबर इंफ्रास्ट्रक्चर सुनकर, पश्चिम रेलवे के सिविल इंजीनियरिंग के हेड व रतलाम डिविजन के वरिष्ठ अधिकारियों ने इंदौर रेलवे स्टेशन का दौरा किया। सांसद लालवानी के साथ विभिन्न प्रोजेक्ट की समीक्षा की गई। सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि रेल मंत्री के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारियों ने दौरा किया है। जल्द ही रिपोर्ट रेल मंत्री को सौंपेंगे, इसके बाद इंदौर के रेल प्रोजेक्ट में तेजी देखने को मिलेगी।

एक सप्ताह में सौंपेंगे रिपोर्ट
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी ने इंदौर रेलवे स्टेशन के साथ ही आसपास चल रहे रेलवे प्रोजेक्ट की समीक्षा की है। समीक्षा के आधार पर एक रिपोर्ट तैयार कर एक सप्ताह में रेल मंत्री को सौंपी जाएगी। इसके बाद इंदौर से जुडे प्रोजेक्ट में तेजी आने की संभावना है। लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन का बाणगंगा की तरफ निर्माण पर भी जल्द ही निर्णय हो सकता है।
रेलवे बोर्ड के चेयरमैन भी कर चुके दौरा
रतलाम मंडल के इंदौर रेलवे स्टेशन के आसपास एक साथ कई दर्जन रेल प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। इसमें इंदौर-देवास-उज्जैन रेल खंड दोहरीकरण, राऊ-महू दोहरीकरण, महू-खंडवा गेज परिवर्तन, इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन जैसे प्रोजेक्ट का कार्य जारी है। सभी प्रोजेक्ट समय सीमा में पूरे हो जाए, इसलिए रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी लगातार दौरा कर रहे है। इससे पहले रेलवे बोर्ड के चेयरमैन दो बार इंदौर आकर विभिन्न प्रोजेक्ट की समीक्षा कर चुके है।
140 Views
What do you think?

Leave a Reply