हंडिया शाखा नहर का ओसराबंदी कार्यक्रम जारी

 

अनोखा तीर, हरदा। कार्यपालन यंत्री जल संसाधन हंडिया शाखा नहर सोनम वाजपेयी ने बताया कि 4 नवम्बर से 48 घंटे की ओसराबंदी का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 8 बजे से प्रत्येक शनिवार व रविवार 0 से 12.09 कि.मी. तक की समस्त नहरें बंद रहेंगी। प्रत्येक सोमवार व मंगलवार 12.09 से 21 कि.मी. तक की समस्त नहरें बंद रहेंगी। प्रत्येक बुधवार व गुरूवार 21 से 33 कि.मी. तक की समस्त नहरें बंद रहेंगी। प्रत्येक शुक्रवार 33 से 55.50 कि.मी. तक नहरें बंद रहेंगी तथा 33 कि.मी. से शेष प्राप्त होने वाले पानी से लिफ्ट से सिंचाई होगी। उन्होने बताया कि 5 क्यूसेक से छोटी नहरे शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक बंद रहेंगी। किसानों से अपील की गई है कि बिना अनुमति एवं अग्रिम राशि जमा किए बगैर सिंचाई पंप नहीं चलाएं जाएं। ट्रेक्टर चलित एवं 10 एच.पी. से अधिक क्षमता के पंप नहीं चलेंगे। डिफाल्टर किसानों के द्वारा सिंचाई राजस्व राशि जमा न करने की स्थिति में सायफन अथवा पंप बंद करने की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि पानी की आवक एवं आवश्यकता को देखते हुए बड़ी उपशाखाओं में ओसराबंदी कार्यक्रम में बदलाव कार्यपालन यंत्री द्वारा किया जा सकेगा।

57 Views

Leave a Reply