हरदा में भाजपा को झटका ! सुरेन्द्र जैन ने कांग्रेस ज्वाइन की
विधानसभा चुनाव से एन पहले हरदा भाजपा में पार्टी नेताओं के बीच पनपा मनमुटाव आखिरकार निर्णायक फैसले पर पहुंच गया। जी हॉ, हरदा विधायक एवं प्रदेश के कृषि मंत्री कद्दावर नेता कमल पटेल के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले पूर्व नपाध्यक्ष सुरेन्द्र जैन ने पहले पार्टी के पद एवं प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया। वहीं इसके कुछ दिन बाद यानि मंगलवार 31 अक्टूबर को तय एलान के मुताबिक भोपाल पहुंचकर पीसीसी चीफ एवं पूर्व सीएम कमलनाथ की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। इसी के साथ जिले की राजनीति में जहां चर्चाओं का बाजार गर्मा गया है। वहीं जैन के दल बदलने के बाद इसके नफा-नुकसान का आंकलन छिड़ गया है।
अनोखा तीर, हरदा। भाजपा से दो बार हरदा नगर पालिका अध्यक्ष रहे पार्टी के कद्दावर नेता एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुरेन्द्र जैन ने आखिरकार भाजपा को अलविदा कह कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। जैन सहित अन्य समर्थकों ने मंगलवार को भोपाल पहुंचकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के निवास पर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, वहीं इस मौके पर श्री जैन ने कांग्रेस के प्रति अपनी आस्था तथा भाजपा की गलत नीतियों पर कड़ा हमला भी बोला। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, कांग्रेस के जिला प्रभारी अवधेश सिसौदिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओम पटेल समेत स्थानीय नेता एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला प्रवक्ता एवं कार्यकारी ब्लाक अध्यक्ष गगन अग्रवाल ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि पूर्व नपाध्यक्ष सुरेन्द्र जैन के अलावा याहया खान, पूर्व उपाध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा मोहन पाटिल, पूर्व जनपद सदस्य रामभरोस मुंडेल, पूर्व मंडल अध्यक्ष सूरज सिंह राजपूत, नारायण गुर्जर, ध्यानसिंह तोमर सहित अन्य लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली है। इस अवसर पर पीसीसी चीफ कमलनाथ ने नए साथियों को पार्टी की जिम्मेदारियों के प्रति पाबंद भी किया। यहां बताना होगा कि विधानसभा चुनाव से एन पहले हरदा भाजपा में पार्टी नेताओं के बीच पनपे मनमुटाव ने उन्हें अब आमने-सामने कर दिया है। इसी के साथ हरदा सीट पर कांग्रेस-भाजपा के बीच मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
भोपाल पहुंचे नेता व कार्यकर्ता
पूर्व नपाध्यक्ष सुरेन्द्र जैन के सदस्यता कार्यक्रम में स्थानीय कांग्रेस नेता रामदीन पटेल, कैलाश पटेल, लक्ष्मीनारायण पंवार, बद्री पटेल सांगवा, शेरसिंह तोमर, आत्माराम पटेल, संग्रामसिंह राजपूत, श्यामलाल बाबल, अनिल दुबे, उमाशंकर विश्नोई, मुन्ना पटेल, अक्षय उपरित, सुरेन्द्र सराफ, राहुल पटेल, सतीश राजपूत, सुरेन्द्र विश्नोई, सुहागमल पंवार, सुनील विश्नोई, अजय गोरखे, सिद्धार्थ बंसल, दीपक सारण, भूपेश बाबल, प्रेरक सारण, जितेंद्र सारण, शशांक विश्नोई, सूरज विश्नोई, राजेश विश्नोई, मुजाहिद अली, अनिल विश्नोई, जीशान खान, सतीश कुचबंदिया, शेरसिंह मालवीय, नवल सिंह सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
—-न्यूज इन बाक्स—-
गलत फैसलों की वजह से यह हाल : जैन
भोपाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम कमलनाथ के निवास पर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद सुरेन्द्र जैन मीडिया से रूबरू हुए। इस दौरान श्री जैन ने भाजपा की भेदभावपूर्ण नीतियों को आड़े हाथों लिया, वहीं हरदा विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कमल पटेल पर भी जमकर हमला बोला। श्री जैन ने कहा कि भाजपा के गलत फैसलों की वजह से पार्टी का बुरा हाल है। स्थिति यह है कि इस चुनाव को जब-जब याद किया जाएगा, तब-तब पार्टी के गलत फैसले सिर उठाए खड़े दिखेंगे। कांग्रेस नेता श्री जैन ने भाजपा में परिवारवाद को लेकर कहा कि जो इसका पूरजोर विरोध करते थे, वे खुद पार्टी में परिवारवाद एवं एकाधिकार पर चुप्पी साधे हैं। भाजपा में नेताओं के एकाधिकार को बढ़ावा देने से पार्टी के जमीनी कार्यकर्ता हातश हैं। वे कुछ नही बोल सकते, परंतु सबकुछ समझते हैं। उन्होंनें कहा कि मैं खुद उसी हताशा का शिकार हूॅ। यही कारण है कि मुझे सालों से जारी संकल्प को विराम देकर अपनी नई राह चुनना पड़ा। इसी क्रम में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर एक नई पारी की शुरूआत करूंगा। इस मौके पर सुरेन्द्र जैन ने भाजपा के शासन में अवैध उत्खनन, गांव-गांव बिक रही शराब, जुआ-सट्टा और क्षेत्र में ड्रग्स की आमद का जिक्र करते हुए इन तमाम बुराईयों को खत्म करने की दिशा में जिम्मेदारों की भूमिका पर सवाल भी दागे हैं।


