अनोखा तीर, हरदा। विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी तथा प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री कमल पटेल अपना नामांकन पत्र दाखिल करने पश्चात अब सीधे मतदाताओं से रूबरू होने उनके द्वार-द्वार पहुंचने निकल पड़े हैं। अपने विकास कार्यों के आधार पर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलो में मतदाताओं का आशीर्वाद प्राप्त करने का उनका ये सिलसिला हमेशा ही बना रहता है। लेकिन चुनाव में अपनी जीत सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रो में बूथ स्तर पर कार्य करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए सीधे मतदाताओं तक पहुंचने की यह कार्यशैली हमेशा अनूठी रही है। जहां पहले राजनीतिक दल के प्रत्याशी सामाजिक और संगठनात्मक पदाधिकारियों से संपर्क कर अपनी जीत का दावा किया करते थे वहीं भाजपा नेता कमल पटेल ने इस परम्परा को दरकिनार करते हुए सीधे मतदाताओं तक पहुंचने और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने की जो प्रथा अपने पहले चुनाव 1993 में प्रारम्भ की थी वह आज 30 वर्षों पश्चात भी बदस्तूर जारी है। अपने क्षेत्र के मतदाताओं के हर सुख दुख में शामिल होने वाले कमल पटेल आज से ग्रामीण क्षेत्रो के प्रवास पर पुन: निकल पड़े हैं। शनिवार 28 अक्टूबर को वह अपनी विधानसभा क्षेत्र के खिड़किया ब्लाक अंतर्गत 12 गांव का भ्रमण कर मतदाताओं से आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। भाजपा कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से विधायक प्रतिनिधी उदय सिंह चौहान ने बताया कि मंत्री कमल पटेल शनिवार को प्रात: 11 बजे ग्राम हिवाला से अपना चुनावी दौरा प्रारम्भ करेंगे। श्री चौहान ने कहा कि वह इस दौरान ग्राम बम्हनगांव, झांझरी, साक्टया, नीमखेड़ामाल, नीमखेड़ा माफी, इटारसी टप्पर, पीरबाबा, भागपुरा, बडनगर, काल्याखेड़ी, खमलाय तथा हरपालिया पहुंचेंगे। श्री चौहान ने कहा कि मंत्री श्री पटेल ने इन ग्रामीण क्षेत्रो में विकास के अनेक कार्य किए। वहीं क्षेत्र के गरीब लोगों को पक्के आवास, शौचालय और मूलभूत सुविधाओं जैसे अनेक कार्यों की सौगाते दी है। जैसे ग्राम बम्हनगांव में 85 गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1 करोड़ दो लाख रूपये तथा शौचालय निर्माण हेतु 142 परिवारों को 16 लाख 92 हजार की सहायता प्रदान की है। गांव के 886 लोगों को आयुष्मान कार्ड प्रदान कर उन्हें बीमारी की स्थिति में स्वास्थ लाभ की सुविधा से सीधे जोड़ा है। इस गांव की 289 लाड़ली बहनाओं ने योजना का लाभ प्राप्त किया है। इसी तरह ग्राम झांझरी में 36 गरीब परिवारों को 43 लाख रुपए प्रधानमंत्री आवास एवं 34 परिवारों को 4 लाख 80 हजार रुपए शौचालय निर्माण के लिए दिए गए। इस गांव में अधोसंरचना विकास के तहत 41 लाख 68 हजार के निर्माण कार्य किए गए हैं। वहीं ग्रामीणों को स्वच्छ पेय जल के लिए 33 लाख 37 हजार रुपए से नल जल योजना प्रारम्भ की गयी। ग्राम साक्टया में 24 लाख सीसी रोड तथा मुक्तीधाम निर्माण एवं 37 परिवारों को 44 लाख रुपए प्रधानमंत्री आवास व 27 परिवारों को शौचालय निर्माण के लिए लगभग 3.50 लाख रुपए की सहायता प्रदान की। ग्राम बडनगर में 80 लाख रुपए से आबादी मार्ग एवं अन्य निर्माण कार्य किए गए। यहां के 54 परिवारों को 64 लाख रुपए की प्रधानमंत्री आवास योजना एवं 71 परिवारों को शौचालय निर्माण के लिए लगभग 9 लाख रुपए प्रदान किए गए। ग्राम काल्याखेड़ी में 113 परिवारों को कच्चे आवासो से निजात दिलाते हुए 13 लाख 56 हजार रुपए दिए गए। इस गांव में 78 लाख रुपए की लागत से 14 निर्माण कार्यों को पूर्ण किया गया। इसी तरह ग्राम खमलाय में एक करोड़ रुपए की राशि से 84 प्रधानमंत्री आवास बनवाएं गए। इस गांव में 61 लाख रुपए की लागत से सड़क, नाली, मुक्तीधाम जैसे निर्माण कार्य तथा 80 लाख रुपए की लागत से नल जल योजना का कार्य किया गया है। श्री चौहान ने कहा कि हम अपने इन्ही विकास कार्यों के आधार पर मतदाताओं के बीच पहुंच रहे हैं, जिससे मतदाताओं का अपार समर्थन और आशीर्वाद भाजपा प्रत्याशी कमल पटेल को प्राप्त हो रहा है।
Views Today: 2
Total Views: 156

