अनोखा तीर, हरदा। विधानसभा निर्वाचन 2023 को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषि गर्ग के मार्गदर्शन में मतदाता जागरूकता गतिविधियां लगातार जारी है। इन गतिविधियों की जानकारी मंगलवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा स्वीप के जिला स्तरीय नोडल अधिकारी रोहित सिसोनिया ने स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों को दी। उन्होने बताया कि गत एक सप्ताह में दिव्यांग मतदाताओं को जागरूक कर मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए विशेष अभियान आयोजित किया गया था, जिसके तहत दिव्यांग जितेन्द्र सेजकर को पीडब्ल्यूडी आईकॉन के रूप में नियुक्त किया गया है। उन्होने बताया कि आगामी एक सप्ताह में महिलाओं को मतदान के लिए प्रेरित करने तथा मतदाता सूची में अधिक से अधिक महिलाओं के नाम जुड़वाने की समझाईश देने के लिए विशेष अभियान आयोजित होगा। यह कार्य आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से गांव-गांव में किया जाएगा। कार्यक्रम में सीईओ श्री सिसोनिया ने उपस्थित अधिकारी कर्मचारियों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने संबंधी शपथ दिलाई। श्री सिसोनिया ने बताया कि रक्षा बंधन के पर्व को ध्यान में रखते हुए लोकतंत्र की राखी – अपनों के नाम पाती अभियान प्रारम्भ किया जा रहा है, जिसमें बहनें रक्षाबंधन पर अपने भाईयों को पत्र लिखकर उनसे आगामी विधानसभा चुनाव में मताधिकार का प्रयोग करने का वचन लेंगी। उन्होने बताया कि गांव-गांव में मतदान सखी नियुक्त की जाएंगी, जो ग्रामीण महिलाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करेंगी। अक्टूबर माह से यही मतदान सखी महिलाओं को मतदान के लिए प्रेरित करेंगी। श्री सिसोनिया ने इस अवसर पर कहा कि एक-एक मत का महत्व होता है क्योंकि कई बार एक मत से ही जीत या हार तय हो जाती है। सीईओ श्री सिसोनिया ने बताया कि 1 से 7 सितम्बर तक युवा मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। आगामी 8 से 14 सितम्बर तक वृद्ध मतदाताओं को प्रेरित किया जाएगा। आगामी 15 से 22 सितम्बर तक ट्रेक्टर रैली और मतदान चौपाल आयोजित कर मतदाताओं को मतदान के लिये मतदान के लिये प्रेरित करेंगे। उन्होने बताया कि 23 से 30 सितम्बर तक व्यापारी संघ के साथ बैठक कर मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा और उन्हें ”पहले करें मतदान फिर खोले दुकानÓÓ संबंधी शपथ दिलाई जाएगी। आगामी 1 से 7 अक्टूबर तक ग्राम सभा आयोजित कर ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान के लिए जागरूक किया जाएगा तथा 8 से 14 अक्टूबर के बीच शहरी क्षेत्रों में नागरिकों को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। आगामी 15 से 22 अक्टूबर तक मशाल रैली तथा घर-घर दीप जलाकर व रंगोली बनाकर नागरिकों को मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। आगामी 23 से 31 अक्टूबर के बीच पुलिस लाइन व रेल्वे स्टेशन क्षेत्र में मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा तथा 1 से 7 नवम्बर के बीच मतदाताओं को मतदान के लिए आमंत्रण पत्र भेजे जाएंगे।

