लंबित मांगों को लेकर कामबंद आंदोलन… सहकारी कर्मचारियों की हड़ताल से डगमगाई व्यवस्था

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

लंबित मांगों को लेकर प्रांतीय संगठन के आह्वान पर मध्य प्रदेश संयुक्त सहकारी समिति फैक्स कर्मचारी महासंघ आंदोलन की राह पर है। बीतें १६ अगस्त से जारी कामबंद हड़ताल के चलते जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पीडीएस एवं खाद-बीज वितरण समेत अन्य कार्यो पर बुरा असर दिखाई देने लगा है। इन सबके बीच लगातार सात दिनों से जारी कामबंद हड़ताल को लेकर तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्माने लगा है।

 

अनोखा तीर, हरदा/ खिरकिया। सरकारी कर्मचारियों के समान वेतनमान समेत अन्य लंबित मांगों को लेकर मध्य प्रदेश संयुक्त सहकारी समिति फैक्स कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर संगठन की जिला इकाई कामबंद हड़ताल पर है। जिसके चलते सहकारिता की जमीनी गतिविधियों पर विपरीत असर दिखाई देने लगा है। क्योंकि, सहकारी कर्मचारियों की हड़ताल के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में पीडीएस एवं खाद-बीज वितरण तथा ऋण वसूली समेत उनके अधीन आने वाले तमाम कार्य पूरी तरह थम गये हैं। इधर, लगातार सात दिनों से चल रही कामबंद हड़ताल के बीच महासंघ के पदाधिकारियों ने एक दिन पहले टिमरनी तथा मंगलवार को खिरकिया में बैठक का आयोजन किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष मुकेश तिवारी ने कर्मचारियों से एकजुटता का आह्वान किया। साथ ही प्रदेश संगठन की मंशाओं से अवगत कराया। श्री तिवारी ने बताया कि बैठकों के क्रम में बुधवार को मुख्यालय पर कर्मचारी जुटेंगे। इस दौरान विभिन्न बिन्दूओं पर चर्चा करेंगे। उधर, कामबंद हड़ताल के बीच अब तक सहकारी कर्मचारी संगठन से शासन स्तर पर कोई समाधान जनक बातचीत नही होने से आंदोलन ओर अधिक गहराने के आसार बनने लगे हैं। इसकी वजह कर्मचारियों की सालों से अधूरी मांगों की तरफ शासन का ध्यान दिलाना है। बता दें कि अपनी प्रमुख मांगों के समर्थन में सैकड़ों कर्मचारी आंदोलन में शामिल हैं। महासंघ के मुताबिक जब तक मांगे पूरी नही होंगी, आंदोलन जारी रखेंगे।

महासंघ की प्रमुख मांगे  

जिलाध्यक्ष मुकेश तिवारी ने बताया कि महासंघ की प्रमुख मांगे समस्त समिति कर्मचारियों का केड़र निर्माण कर वेतनमान का लाभ प्रदान किया जाएं। वहीं शासकीय उचित मूल्य की दुकान का खाद्य कमीशन बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिये बीते १० सालों से संघर्ष कर रहे हैं। कई दफा ज्ञापन सौंपे गए, वहीं आंदोलन की राह भी अपनाई। परंतु अब तक सार्थक परिणाम नही मिले हैं।

इनकी रही उपस्थिति

मंगलवार को संपन्न खिरकिया-सिराली क्षेत्र की बैठक में महासंघ के जिलाध्यक्ष मुकेश तिवारी, प्रदेश महासचिव सुभाष पवार, यतेंद्र खले, अशोक बचानीया, अशोक गौर, विनय राजपूत, लालू बघेल, जयप्रकाश पंचोली, अनिल गौर, अमित वर्मा, केबल बघेल, नवीन सोलंकी, उदय तोमर, अरुण प्रजापति और संतोष तिवारी सहित अन्य सहकारिता कर्मचारी मौजूद थे।

123 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!